मोदीनगर (शिखर समाचार)। सब रजिस्ट्रार कार्यालय के अधिकारियों पर कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए वकीलों ने कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस विरोध के चलते पूरे दिन एक भी रजिस्ट्री नहीं हो सकी, जिससे सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा।
वकीलों का आरोप और धरना प्रदर्शन
बार एसोसिएशन मोदीनगर के बैनर तले वकील, बैनामा लेखक संघ के सदस्यों के साथ सब रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए। बार अध्यक्ष जगबीर सिंह और सचिव नकुल त्यागी ने आरोप लगाया कि कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है और कार्यों में अनियमितता बरती जा रही है, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वकीलों की प्रमुख मांगों में यह शामिल रहा कि लखनऊ से प्रतिदिन जितने टोकन आवंटित किए जाते हैं, उतनी ही रजिस्ट्रियां हर हाल में की जाएं, भले ही इसके लिए कार्य समय बढ़ाकर शाम तक काम करना पड़े। उन्होंने व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की भी मांग उठाई।
प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक और आगे की रणनीति
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
दिनभर चले इस धरने के कारण कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप रहा। शाम को धरना दे रहे वकीलों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बैठक आयोजित की गई, जिसमें उप जिलाधिकारी अजीत कुमार सिंह, स्टांप अपर आयुक्त पुष्पेंद्र यादव और तहसीलदार रजत सिंह मौजूद रहे।
बैठक के दौरान वकीलों ने स्टांप अपर आयुक्त को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस पर अपर आयुक्त ने मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया। एडवोकेट राजकुमार गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि जब तक मांगों को पूरा नहीं किया जाएगा, तब तक धरना अनिश्चितकाल तक जारी रहेगा।
धरने में विशाल शर्मा, नितिन कुमार, कार्तिक त्यागी, राजकुमार चौधरी, राकेश कुमार और सौरभ मुद्गल सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
