गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में नगर निगम द्वारा शहर के विकास कार्यों को तेजी दी जा रही है। इसी क्रम में शासन की स्वीकृति के बाद राजनगर एक्सटेंशन में 92 करोड़ 22 लाख 49 हजार रुपये की लागत से भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण का कार्य शुरू हो गया है। कार्यदायी संस्था सी एंड डी एस, उत्तर प्रदेश जल निगम को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में परियोजना की प्रेजेंटेशन नगर आयुक्त को दी गई, जिसमें उन्होंने कार्य में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
48 हजार वर्ग मीटर में आधुनिक स्पोर्ट्स सुविधाएं
करीब 48 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाला यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स शहर के खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें आउटडोर और इंडोर खेलों की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। क्रिकेट पिच, टेनिस कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, फिट इंडिया जोन, बच्चों के लिए प्ले एरिया तथा वॉकिंग और जॉगिंग ट्रैक का निर्माण होगा। वहीं इंडोर गेम्स में बैडमिंटन, बास्केटबॉल, जिम्नास्टिक, जूडो, कबड्डी, शूटिंग, सॉफ्टबॉल, स्विमिंग, ताइक्वांडो, योग सहित लगभग 30 खेलों की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स न केवल खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और बेहतर अवसर प्रदान करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए सामाजिक मेलजोल का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। परियोजना को पर्यावरण अनुकूल मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है, जिसमें हरित तकनीकों और संसाधनों का उपयोग किया जाएगा। सभी वर्गों के लोगों के लिए यह परिसर सुलभ और समावेशी होगा।
बैंक्वेट, कैफेटेरिया और अन्य आधुनिक सुविधाएं
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
परिसर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था के साथ एक भव्य भवन का भी निर्माण किया जाएगा। इसमें बैंक्वेट और पार्टी लॉन, ओपन कैफेटेरिया (लगभग 60 सीट क्षमता), गेस्ट रूम, बोर्ड गेम रूम, योग कक्ष और चिकित्सीय सुविधा के लिए क्लिनिक की व्यवस्था होगी। यह दो मंजिला भवन खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए सुविधाजनक रहेगा।
बैठक में अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी संपत्ति पल्लवी सिंह, प्रभारी उद्यान डॉक्टर अनुज और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को 15 माह की निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भव्य स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण से गाजियाबाद की पहचान एक उभरते खेल केंद्र के रूप में मजबूत होगी और शहर के खिलाड़ियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
