जनपद स्तरीय पुरुष हॉकी ट्रायल में सात खिलाड़ियों का चयन

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Seven Players Selected in District-Level Men’s Hockey Trials — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में जिला खेल कार्यालय, गौतमबुद्धनगर की ओर से गुरुवार को एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2, ग्रेटर नोएडा में जनपद स्तरीय पुरुष हॉकी चयन परीक्षण आयोजित किया गया। इसमें जिले के प्रतिभावान हॉकी खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के खेल कौशल, प्रदर्शन और प्रतिभा के आधार पर सात खिलाड़ियों का चयन मंडल स्तरीय चयन परीक्षण के लिए किया गया।

मंडल स्तरीय चयन के लिए धनंजय, शिवम, चंदन, धर्मेंद्र, सचिन भाटी, जीतेश और सुरेश का चयन हुआ है। चयनित खिलाड़ियों को अब मंडल स्तर पर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। जिला खेल कार्यालय के अनुसार मंडल स्तरीय चयन परीक्षण 31 अगस्त को कैलाश प्रकाश स्टेडियम, मेरठ में आयोजित किया जाएगा।

मंडल स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मिलेगा प्रदेश स्तर का मौका

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ. परवेज अली ने बताया कि मंडल स्तरीय चयन में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता छह से 11 सितंबर तक डॉ. भीमराव आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय क्रीड़ा संकुल, क्षेत्रीय खेल कार्यालय, अयोध्या में आयोजित होगी। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी चयन प्रक्रिया के लिए पूरी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को मंडल और प्रदेश स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जनपद एवं प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करना चाहिए। जिला खेल कार्यालय की इस चयन प्रक्रिया का उद्देश्य स्थानीय खेल प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना और उन्हें मंडल, प्रदेश तथा उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

Share This Article
Leave a comment