शिकायतकर्ता की समस्या का संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करें: जिलाधिकारी

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
“Ensure Satisfactory Resolution of the Complainant’s Problem”: District Magistrate — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मादड़ ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने भूमि पर कब्जे, राजस्व विवाद, अवैध अतिक्रमण, सार्वजनिक सुविधाओं, पेंशन, राशन कार्ड, जलापूर्ति सहित अन्य समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए।

शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, प्रभावी और त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के लिए न निपटाया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शासन की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और निष्पक्ष समाधान हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। शिकायत के निस्तारण के बाद संबंधित शिकायतकर्ता से प्रतिक्रिया भी ली जाए, ताकि यह पता चल सके कि उसे वास्तव में राहत मिली है या नहीं।

मौके पर जाकर समस्या का सत्यापन करने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

उन्होंने कहा कि जनसुनवाई प्रशासन और जनता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके निस्तारण की नियमित निगरानी करें और जहां आवश्यकता हो, मौके पर जाकर समस्या का सत्यापन भी करें। इससे शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के साथ लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।

जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी भूमि एवं अध्याप्ति अवनीश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट सतीश चन्द्र त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment