शामली (शिखर समाचार)। शनिवार को जिले की तीनों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तीनों तहसीलों में कुल 107 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से मात्र 21 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील शामली सभागार में जिलाधिकारी आलोक यादव ने फरियादियों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।
तहसील शामली में समाधान दिवस
तहसील शामली में आयोजित समाधान दिवस में राशन कार्ड, विद्युत विभाग, भूमि विवाद, पेंशन तथा आयुष्मान कार्ड से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी आलोक यादव ने बताया कि पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य, पूर्ति, विद्युत एवं समाज कल्याण विभाग द्वारा विशेष काउंटर लगाकर शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है।
इस व्यवस्था से फरियादियों को एक ही छत के नीचे समस्याओं का समाधान मिल सकेगा और उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। तहसील शामली में कुल 55 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से नौ राशन कार्ड एवं पांच अन्य विभागों से संबंधित कुल 14 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस दौरान एसडीएम निधि भारद्वाज, सीएमओ डॉ. अनिल कुमार तथा एसडीएम न्यायिक हामिद हुसैन मौजूद रहे।
कैराना और ऊन तहसीलों में समाधान दिवस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
तहसील कैराना में एडीएम सत्येंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। मौके पर एसडीएम शिवाजी यादव भी उपस्थित रहे।
वहीं तहसील ऊन में एसडीएम विनय प्रताप सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 22 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
