बिजनौर (शिखर समाचार) नगर पालिका परिषद की त्रैमासिक पत्रिका पालिका दर्पण के नववर्ष विशेषांक को प्रभावशाली और जनोपयोगी स्वरूप देने के उद्देश्य से पालिका सभागार में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पालिका चेयरमैन इंदिरा सिंह ने की, जबकि कार्यवाही का संचालन अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने किया। बैठक में तय किया गया कि विशेषांक के माध्यम से बिजनौर की समृद्ध ऐतिहासिक धरोहर के साथ-साथ नगर में हो रहे आधुनिक विकास कार्यों की समग्र तस्वीर प्रस्तुत की जाएगी। इसमें राजा भरत की जन्मस्थली व क्रीड़ास्थली कण्व आश्रम के ऐतिहासिक महत्व, सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली अतीत पर विशेष लेख शामिल किए जाएंगे।
नगर विकास और स्वच्छता की उपलब्धियों को उजागर करती विशेष पत्रिका
चेयरमैन इंदिरा सिंह ने बताया कि नगर के सौंदर्यीकरण से जुड़े नवीन कार्यों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की उपलब्धियों तथा स्वच्छता सर्वेक्षण के अंतर्गत किए गए प्रयासों को आंकड़ों और छायाचित्रों के माध्यम से प्रमुखता दी जाएगी। पत्रिका का उद्देश्य आम नागरिकों को नगर पालिका की कार्यप्रणाली, योजनाओं और विकास की दिशा से अवगत कराना है। अधिशासी अधिकारी विकास कुमार ने कहा कि विशेषांक में नगर की जनसुविधाओं, उद्यानों के पुनरुद्धार और जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी सम्मिलित की जाएगी, ताकि पत्रिका प्रत्येक पाठक के लिए उपयोगी और जानकारीपूर्ण बन सके।
बैठक के दौरान संपादकीय टीम के साथ गहन विमर्श करते हुए सामग्री को तथ्यपूर्ण, रोचक और प्रभावी बनाने पर सहमति बनी। इस अवसर पर डॉ बीरबल सिंह, सफाई निरीक्षक गोविंद चौधरी, सूर्यमणि रघुवंशी, डॉ विरेंद्र कुमार, विक्रांत शर्मा, सुधीर अग्रवाल और ज्योति लाल शर्मा ने पत्रिका की विषयवस्तु और संपादन को लेकर अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे।
