नगीना/बिजनौर (शिखर समाचार)। नेशनल हाईवे-74 स्थित रामलीला बाग में स्थित ऐतिहासिक माता महाकाली एवं दुर्गा माता मंदिर के कायाकल्प की तैयारी पूरी हो गई है। पर्यटन विभाग द्वारा स्वीकृत लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से मंदिर का व्यापक सौंदर्यकरण कराया जाएगा। इस घोषणा से क्षेत्र के श्रद्धालुओं और धर्म प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
मंदिर के भव्य स्वरूप के लिए बड़े निर्माण कार्य
मंदिर समिति के प्रबंधक आलोक अग्रवाल और अध्यक्ष सलिल अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि मंदिर की भव्यता बढ़ाने और प्रतिमाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से विशेष निर्माण कार्य किए जाएंगे। योजना के तहत माता दुर्गा एवं शिव प्रतिमा के ऊपर 12 फीट चौड़ी और 25 फीट ऊंची छत का निर्माण किया जाएगा, जबकि माता काली की प्रतिमा के ऊपर 30 फीट ऊंची और 12 फीट चौड़ी संरचना तैयार की जाएगी।
श्रद्धालुओं के लिए 25×50 फीट का विशाल हॉल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पर्यटन विभाग द्वारा 25 लाख रुपये की लागत से 25×50 फीट का एक विशाल हॉल भी बनाया जाएगा। इस हॉल में भंडारण कक्ष और शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुविधा मिलेगी।
सौंदर्यकरण योजना के तहत मंदिर परिसर में स्थित चार मठों पर आकर्षक शिखरों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही खाली स्थानों पर आधुनिक और रंग-बिरंगी टाइल्स बिछाई जाएंगी, जिससे परिसर की भव्यता और बढ़ेगी।
श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
मंदिर समिति के पदाधिकारियों का मानना है कि इस जीर्णोद्धार कार्य के पूरा होने के बाद मंदिर की भव्यता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भी बड़ा इजाफा देखने को मिलेगा।
