गाजियाबाद (शिखर समाचार)। बरसात के मौसम में जल भराव को रोकने के लिए नगर निगम ने नालों की सफाई का विशेष अभियान चलाया हुआ है। अभियान के तहत नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच रही है और इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए नालों की सफाई कर रही है। सफाई के दौरान बाधा बने हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए नगर निगम ने अभियान चलाने की योजना बना ली है। इस योजना के तहत नालों पर हुए अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कवि नगर तथा सिटी जोन में नालों की सफाई का जायजा लिया। जेसीबी, पोकलेन व अन्य उपकरण के माध्यम से नालों की सफाई चल रही है। कई स्थानों पर नालों पर हुए पक्के निर्माण की वजह से सफाई में बाधा उत्पन्न होती हुई उन्होंने मौके पर देखी।
संयुक्त अभियान चलाने के दिए निर्देश
नगर आयुक्त ने मौके पर उपस्थित नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को तथा मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी को नालों की सफाई के लिए संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए। नालों की सफाई में गति लाई जाए तथा अवैध अतिक्रमण को हटाते हुए नालों को साफ कराने के निर्देश दिए गए।
555 नालों में चल रहा सफाई अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा बिना टेंडर किए अपने संसाधनों से नालों की सफाई की जा रही है, जिसमें प्रमुख नालों को प्राथमिकता पर साफ किया जा रहा है। नगर निगम सीमा अंतर्गत कुल 555 नाले हैं, जिनमें 89 बड़े, 239 मझोले और 227 छोटे नाले शामिल हैं। इनमें से बड़े 65 नालों पर सफाई कार्य जारी है, मीडियम 100 से अधिक नालों पर कार्य चल रहा है तथा 150 छोटे नालों की सफाई पूरी की जा चुकी है।
अतिक्रमण हटाने की योजना तैयार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/dr-vineet-utpals-book-on-social-media/
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि गाजियाबाद नगर निगम अतिक्रमण किए गए नालों पर विशेष ध्यान दे रहा है और वहां पर किए गए पक्के निर्माणों को हटाने की योजना बनाई जा रही है। इन पक्के निर्माणों के कारण सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न हो रही है। निर्माण और स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर अतिक्रमण को हटाते हुए नालों की सफाई करेगा।
