गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना साहिबाबाद पुलिस ने ऑन डिमांड वाहन चोरी करने वाले 2 सगे भाइयों शावेज और सहवाज को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जो अपने फरार साथी नदीम के साथ मिलकर इन्हें विभिन्न राज्यों में बेचने का काम करते थे। पुलिस ने मात्र 24 घंटे में इन्हें गिरफ्तार करते हुए इनके कब्जे से एक फॉर्च्यूनर कार बरामद की है, जो इन्होंने ऑन डिमांड चोरी की थी और बेचने की फिराक में थे।
संवाददाता सम्मेलन में सहायक पुलिस आयुक्त साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि बीती 9 जून को पीड़ित आदित्य मिहिर ने थाना साहिबाबाद पुलिस को शिकायत दी कि राजेन्द्र सेक्टर 5 स्थित उनके घर के बाहर खड़ी टोयटा फॉर्च्यूनर कार चोरी हो गई है। चोरों ने चोरी करने से पहले घर के बाहर लगे 2 सीसीटीवी कैमरों को भी तोड़ दिया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर जांच शुरू की।
24 घंटे में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
थाना साहिबाबाद पुलिस ने 24 घंटे में चोरी की घटना का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए शावेज और सहवाज ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उनके गैंग का लीडर नदीम है और उसी के इशारे पर अलग-अलग राज्यों से वाहनों की ऑन डिमांड मांग ली जाती थी, जिसके बाद यह लोग लग्जरी कारों की चोरी में जुट जाते थे।
उन्होंने बताया कि यह गिरोह दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा और गुड़गांव क्षेत्र में मौका मिलते ही लग्जरी गाड़ियां चुराता था और फिर उनके इंजन, चेसिस नंबर और रजिस्ट्रेशन बदलकर डेंटिंग-पेंटिंग कराने के बाद अन्य राज्यों में बेच देता था।
नदीम के पास होती थी पूरी डीलिंग की जानकारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
पुलिस के अनुसार गाड़ी किस राज्य में जाएगी और किस व्यक्ति को बेची जाएगी, इसकी पूरी जानकारी फरार आरोपी नदीम के पास रहती थी। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
