जेवर (शिखर समाचार)। गांव चौरौली स्थित भारतीय किसान यूनियन कैंप कार्यालय पर बुधवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता रामकुमार शर्मा ने की। बैठक में क्षेत्र व गांव के सम्मानित किसानों, बुजुर्गों तथा युवा साथियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
किसानों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा
बैठक को संबोधित करते हुए भारतीय किसान यूनियन के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी पवन महेंद्र सिंह चौरौली ने किसानों और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर आगामी 25 मई को जेवर तहसील परिसर में विशाल पंचायत आयोजित की जाएगी, जिसमें क्षेत्र के हजारों किसान शामिल होकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद करेंगे।
बैठक में यमुना प्राधिकरण द्वारा लगातार की जा रही वादाखिलाफी, खुर्जा पुल की सीढ़ियों का निर्माण न होना, ग्रेटर नोएडा आने-जाने पर टोल टैक्स वसूली, आधार कार्ड के आधार पर स्थानीय लोगों को चढ़ने-उतरने की सुविधा न मिलने, किसानों को चार गुना मुआवजे से वंचित रखने, किसानों के बच्चों को रोजगार न देने तथा विस्थापित किसानों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया।
खाद, यूरिया और बिजली संकट पर नाराजगी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
किसानों ने खाद और यूरिया की कमी तथा बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। वक्ताओं ने कहा कि धान की खेती का समय नजदीक है, लेकिन किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और यूरिया नहीं मिल पा रही है। घंटों लाइन में लगने के बावजूद किसान खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। वहीं बिजली कटौती और अव्यवस्थाओं के कारण खेतों की सिंचाई भी प्रभावित हो रही है।
भारतीय किसान यूनियन ने मांग की कि किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद और यूरिया उपलब्ध कराया जाए तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
25 मई की पंचायत को लेकर आह्वान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बैठक में कहा गया कि विकास के नाम पर किसानों के साथ हो रहे अन्याय को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। किसान अपने हक और सम्मान की लड़ाई लड़ने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और 25 मई की पंचायत किसानों के भविष्य और अधिकारों की निर्णायक पंचायत साबित होगी। भारतीय किसान यूनियन ने क्षेत्रवासियों, किसान भाइयों, माताओं, बुजुर्गों और नौजवानों से भारी संख्या में पंचायत में पहुंचकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
