मुरादनगर (शिखर समाचार)। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में ग्राम नगला फिरोज मोहनपुर स्थित पंडित प्रेमचंद शास्त्री के आवास पर ब्राह्मण समाज के उत्थान एवं जनजागरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जगदीश दत्त ने की, जबकि संचालन नगर महामंत्री यतिदेव शर्मा ने किया।
समाजोत्थान और संगठन विस्तार पर चर्चा
बैठक में संगठन विस्तार और समाजहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने आर्थिक रूप से कमजोर बालक-बालिकाओं को शिक्षा के लिए सहयोग देने का आह्वान किया। वहीं निर्धन ब्राह्मण परिवारों की कन्याओं के विवाह हेतु कन्यादान समृद्धि योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रस्ताव जिला अध्यक्ष द्वारा पारित किया गया।
मुख्य अतिथि अखिल भारतीय परशुराम सेवादल के अध्यक्ष विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के खिलाफ की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी से समाज में गहरा आक्रोश है। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मांग करते हुए कहा कि राजकुमार भाटी को राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से तत्काल हटाया जाए।
परशुराम जन्मोत्सव और जनजागरण अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
उन्होंने बताया कि 19 अप्रैल से 19 मई तक भगवान परशुराम जन्मोत्सव देशभर में महायज्ञ, शोभायात्रा और महासम्मेलनों के माध्यम से मनाया जा रहा है। यज्ञों के जरिए प्राणिमात्र के कल्याण, राष्ट्र की उन्नति, पर्यावरण शुद्धि और विश्व शांति की कामना की जा रही है। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव “सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः” की भावना का समर्थक रहा है।
इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया। नगर अध्यक्ष सोमदत्त शर्मा ने बताया कि मुरादनगर क्षेत्र में जनजागरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक ब्राह्मण परिवारों को संगठन से जोड़ा जा रहा है।
बैठक में बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence
बैठक में ओमपाल शर्मा, जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा, यश शर्मा, जयदत्त शर्मा, प्रेमचंद शास्त्री, प्रमोद कौशिक, शिवशंकर शर्मा, कैप्टन संजय शर्मा, सतीश शर्मा, मनोहर लाल शर्मा, कर्मवीर शर्मा और पंडित विजय शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
