गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे महानगर गाजियाबाद को प्रदूषण मुक्त करते हुए स्वच्छ वातावरण देने के लिए नगर निगम अब डूडाहेड़ा एसटीपी प्लांट में बायो सीएनजी प्लांट बनाने की तैयारी में जुट गया है। बुधवार को नगर निगम मुख्यालय पर मेयर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की मौजूदगी में गाजियाबाद बायोएनर्जी प्राइवेट लिमिटेड और वीए टेक वाबाग के साथ एग्रीमेंट साइन किया गया।
बायो सीएनजी प्लांट के लिए हुआ एग्रीमेंट
इस एग्रीमेंट के तहत 70 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी प्लांट से निकलने वाली बायो गैस से बायो सीएनजी बनाई जाएगी, जिससे वातावरण को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त रखने में मदद मिलेगी। इस बायो सीएनजी का उपयोग परिवहन और औद्योगिक क्षेत्र में किया जाएगा।
परियोजना को पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के अंतर्गत बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर आधार पर विकसित किया जाएगा। इसके तहत स्वच्छ ऊर्जा प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा तथा अपशिष्ट जल शोधन प्रक्रिया के दौरान उत्पन्न होने वाली बायो गैस का उपयोग कर बायो सीएनजी तैयार की जाएगी।
पर्यावरण संरक्षण और आय में वृद्धि का लक्ष्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस योजना से मीथेन गैस के उत्सर्जन में कमी लाई जाएगी। साथ ही बायो सीएनजी प्लांट के शुरू होने से नगर निगम की आय में भी वृद्धि होगी और शहर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, महाप्रबंधक जल कामाख्या प्रसाद आनंद, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
