ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के अंतर्गत इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में वित्तीय अनुशासन से पारदर्शी सेवा वितरण की ओर विषय पर विशेष सत्र एवं ऋण वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सामाजिक और आर्थिक विकास में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में वित्तीय संस्थानों का योगदान अहम है। उन्होंने बताया कि पिछले सात वर्षों में प्रदेश का सकल राज्य घरेलू उत्पाद 12.75 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 30.35 लाख करोड़ रुपये हो गया है। प्रदेश में ऋण वितरण में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और ऋण-जमा अनुपात लगभग 46 प्रतिशत से बढ़कर 61.39 प्रतिशत पहुंच गया है।
25 लाभार्थियों को 59.50 करोड़ रुपये के ऋण वितरित
वित्त मंत्री ने किसानों की बढ़ती क्रय शक्ति, औद्योगिक विकास, निवेश को बढ़ावा देने और उद्यमियों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित योजनाओं का भी उल्लेख किया। समारोह में विभिन्न बैंकों की ओर से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी प्रोत्साहन अभियान, एक जनपद एक उत्पाद, मुद्रा योजना और स्वयं सहायता समूहों सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों को ऋण वितरित किए गए। वित्त मंत्री ने 25 लाभार्थियों को 59.50 करोड़ रुपये के चेक प्रदान किए। एक अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक गौतमबुद्धनगर में 11,250 करोड़ रुपये और पूरे प्रदेश में 59,500 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। इस अवसर पर नई फर्मों और आवासीय समितियों के पंजीकरण प्रमाणपत्र भी बांटे गए।
डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में वित्त विभाग की सचिव एवं संस्थागत वित्त महानिदेशक संदीप कौर ने पिछले पांच वर्षों में बैंक ऋण, वित्तीय समावेशन और बैंकिंग केंद्रों के विस्तार से जुड़ी उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने ऑनलाइन बैंकिंग, यूपीआई के माध्यम से कर भुगतान और पेंशन सेवाओं के डिजिटलीकरण पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की उपलब्धियों पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। वहीं, साइबर अपराध के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार यादव ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव और सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के संबंध में लोगों को जागरूक किया। समारोह में नाबार्ड, केनरा बैंक, भारतीय स्टेट बैंक सहित विभिन्न वित्तीय संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी और शासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
