हरिद्वार (शिखर समाचार)। उद्योग विभाग, उत्तराखंड शासन और उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को रोशनाबाद स्थित एक होटल में कारोबार को सुगम बनाने के विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में प्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों, उद्योग संघों और प्रमुख औद्योगिक इकाइयों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य उद्योगों के लिए कारोबारी प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी, समयबद्ध और निवेशक-अनुकूल बनाना तथा उद्योग जगत से सीधे सुझाव प्राप्त कर सुधारों को अधिक प्रभावी बनाना रहा।
कार्यशाला में उद्योग प्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागीय अनुमतियों, ऑनलाइन सेवाओं, एकल खिड़की व्यवस्था और कारोबार संचालन से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा। उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग की अपर सचिव हिमानी पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार उद्योगों के लिए बेहतर कारोबारी वातावरण विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने उद्योग प्रतिनिधियों के अनुभव और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा प्राप्त सुझावों के आधार पर सुधारों को अधिक उद्योग-अनुकूल बनाने की बात कही।
डिजिटलीकरण और एकल खिड़की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर
उद्योग विभाग के सचिव विनय शंकर पांडे ने कहा कि उत्तराखंड सरकार विभागीय प्रक्रियाओं के डिजिटलीकरण, समयबद्ध सेवाओं और एकल खिड़की व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रही है। महानिदेशक एवं आयुक्त उद्योग डॉ. सौरभ गहरवार ने कहा कि कारोबार को सुगम बनाना केवल रैंकिंग का विषय नहीं, बल्कि उद्योगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने की सतत प्रक्रिया है।
बेहतर समन्वय से औद्योगिक विकास को गति मिलने की उम्मीद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि उद्योगों की समस्याओं का त्वरित समाधान और विभागों में बेहतर समन्वय औद्योगिक विकास को गति देगा। कार्यशाला में निदेशक राकेश कुमार प्रजापति, संयुक्त निदेशक उद्योग अनुपम द्विवेदी सहित अधिकारी और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
