——-मोरटी, अटोर और मेवला अगरी की 231 हेक्टेयर भूमि पर प्रस्तावित है योजना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा प्रमुख आकर्षण
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण की महत्वाकांक्षी एयरोसिटी योजना को धरातल पर उतारने की दिशा में शुक्रवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। योजना के लिए भूमि समूहकरण के माध्यम से भूमि जुटाने की प्रक्रिया शुरू करते हुए पहले भूस्वामी से सहमति प्राप्त की गई। यह सहमति गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष नन्द किशोर कालाल की उपस्थिति में प्राप्त हुई। पहले भूस्वामी की सहमति मिलने के बाद प्राधिकरण ने योजना के लिए अन्य भूस्वामियों से भी संवाद और समन्वय की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है।
प्रस्तावित एयरोसिटी योजना मोरटी, अटोर और मेवला अगरी गांवों की लगभग 231 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। योजना का प्रमुख आकर्षण प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम होगा। स्टेडियम के आसपास सुनियोजित और आधुनिक शहरी विकास के माध्यम से क्षेत्र को नए विकसित शहरी केंद्र के रूप में स्थापित करने की परिकल्पना की गई है।
आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
योजना के अंतर्गत आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं, बेहतर संपर्क मार्ग और आधुनिक नागरिक सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया जाएगा। इससे क्षेत्र में आर्थिक और व्यावसायिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर सृजित होने की संभावना है। भूमि समूहकरण की प्रक्रिया में संबंधित भूस्वामियों की सहमति और सहभागिता को आधार बनाया गया है। प्राधिकरण आगे भी भूस्वामियों से संवाद के माध्यम से प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। इस अवसर पर अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, विशेष कार्याधिकारी राजीव रत्न, तहसीलदार विवेक मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
