हरिद्वार (शिखर समाचार)।
आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन के बहुउद्देशीय भवन में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक में मेले की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा आपदा से निपटने की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कांवड़ मेले की सुरक्षा के लिए छह हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
ब्रीफिंग में बताया गया कि इस वर्ष कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए छह हजार से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ 13 कंपनियां अर्द्धसैनिक बल की तैनात रहेंगी। बेहतर निगरानी और प्रभावी प्रबंधन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जोन तथा 141 सेक्टरों में विभाजित किया गया है।
कांवड़ मेले के नोडल अधिकारी के रूप में पुलिस अधीक्षक नगर अभय प्रताप सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र की व्यवस्था पुलिस अधीक्षक देहात के अधीन रहेगी। अपराध एवं यातायात व्यवस्था का संचालन पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात निशा यादव के निर्देशन में किया जाएगा। इसके अलावा विशेष पुलिस अधिकारियों की भी तैनाती की जाएगी।
ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी, सहायता केंद्र भी होंगे स्थापित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सतत निगरानी बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र में 10 ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर पुलिस सहायता केंद्र, अग्निशमन दल तथा चिकित्सकीय सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
संयुक्त ब्रीफिंग की अध्यक्षता अपर पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून-व्यवस्था बी. मुरुगेशन ने की। इस अवसर पर यातायात निदेशक के.के.वी.के., पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल राजीव स्वरूप, पुलिस महानिरीक्षक विशेष कार्य बल निर्लेश भरणे, पुलिस महानिरीक्षक संचार बिम्वी सचदेवा, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
