गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर शनिवार को प्राचीन दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर स्थित खाटू श्याम जी के मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बाबा के दर्शन और पूजन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने इत्र, पुष्प, नारियल और प्रसाद अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा तथा श्याम बाबा के जयकारों से माहौल गूंजता रहा।
देवशयनी एकादशी पर उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूधेश्वरनाथ मंदिर परिसर में स्थापित खाटू श्याम जी की भव्य प्रतिमा की विधि विधान से स्थापना कराई थी। इस प्रतिमा स्थापना में दूधेश्वर पीठाधीश्वर महंत नारायण गिरी महाराज का विशेष योगदान रहा, जिसकी श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक सराहना कर रहे हैं। प्रतिमा स्थापना के बाद मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।
बाबा के दर्शन के लिए दूर-दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु
खाटू श्याम मंदिर के सेवादार सोनू मौर्य, नरेश और सूर्य ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। उनका कहना है कि भक्त पूरी श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा को प्रसाद अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं व्यक्त करते हैं तथा यहां आकर मानसिक शांति और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं। देवशयनी एकादशी जैसे विशेष पर्वों पर श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की अपेक्षा कई गुना अधिक रहती है।
प्रतिमा स्थापना के बाद बढ़ा स्थानीय दुकानदारों का कारोबार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/woman-arrested-killing-her-live-in-partner/
मंदिर परिसर के बाहर फूल और पूजन सामग्री की दुकान लगाने वाले राजू और मिथुन ने बताया कि खाटू श्याम जी की प्रतिमा स्थापित होने के बाद से उनके व्यापार में काफी वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय दुकानदारों को भी आर्थिक लाभ मिल रहा है।
श्रद्धालु सपना सिंह ने बताया कि प्रतिमा स्थापना के बाद वह नियमित रूप से बाबा खाटू श्याम के दर्शन के लिए मंदिर आती हैं। उन्होंने कहा कि यहां का आध्यात्मिक वातावरण इतना दिव्य और शांत है कि उन्हें राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम धाम जैसी अनुभूति होती है। देवशयनी एकादशी के अवसर पर मंदिर प्रशासन ने दर्शन और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की, जिससे श्रद्धालुओं ने सुगमता के साथ बाबा के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।
