गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने शनिवार को निगम के सभी विभागीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर कांवड़ महोत्सव से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर नगर निगम अलर्ट
नगर आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ शिविरों में प्रतिबंधित प्लास्टिक और थर्माकोल का उपयोग किसी भी स्थिति में न किया जाए। उन्होंने जोनल प्रभारियों को शिविर संचालकों और आयोजकों को जागरूक करते हुए स्टील के बर्तनों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग को कांवड़ मार्गों पर नियमित साफ-सफाई, फॉगिंग तथा एंटी लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि संक्रामक बीमारियों की आशंका को कम किया जा सके।
स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था पर रहेगा विशेष फोकस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बैठक में कांवड़ रूट, शिवालयों और प्रमुख मंदिरों के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं मुख्य अभियंता निर्माण को बैरिकेडिंग कार्यों के साथ नगर निगम द्वारा लगाए जाने वाले कांवड़ शिविरों और विश्राम स्थलों को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
उद्यान विभाग को मार्ग में आने वाले अवांछित पेड़ों की कटाई-छंटाई तथा हरित क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नगर निगम ने कांवड़ मार्गों पर पेयजल व्यवस्था को भी प्राथमिकता में रखा है। महाप्रबंधक जल को पानी की पाइपलाइनों में लीकेज की तत्काल मरम्मत, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
अतिक्रमण हटाने और सुरक्षा निगरानी की व्यवस्था मजबूत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इसके साथ ही पुरुष एवं महिला श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल टॉयलेट, स्थायी एवं अस्थायी शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। कांवड़ यात्रा के दौरान सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है।
कांवड़ रूट पर स्थित सड़कों, फुटपाथों और पार्किंग क्षेत्रों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि कांवड़ यात्रा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की निगरानी नगर निगम मुख्यालय स्थित इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कमांड सेंटर और इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी कांवड़ महोत्सव को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
