गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, पोषण और स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Instructions Issued to Strengthen Cattle Protection, Nutrition, and Cleanliness Arrangements in Cow Shelters IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अस्थायी गौ आश्रय स्थलों की जनपद स्तरीय अनुश्रवण एवं मूल्यांकन समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयोग के सदस्य दीपक गोयल भी मौजूद रहे। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरुण कुमार ने जिले की गौशालाओं और अस्थायी गौ आश्रय स्थलों की वर्तमान स्थिति तथा प्रगति की जानकारी दी। समीक्षा के दौरान उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

गौशालाओं में स्वच्छता, पोषण और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

उन्होंने गौशालाओं में गोवंश के संरक्षण, स्वच्छता, पोषण, स्वच्छ पेयजल और चारे की व्यवस्था मजबूत रखने पर विशेष जोर दिया। अस्थायी गौ आश्रय स्थल ततारपुर में स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई और आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश खंड विकास अधिकारी को दिए गए। सभी गौशालाओं में नर और मादा गोवंश को अलग-अलग रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।

बीमार गोवंश के उपचार और समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

उन्होंने गोवंश के स्वास्थ्य की नियमित जांच, बीमार पशुओं के उपचार तथा पशुआहार की समुचित व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। गौ आश्रय स्थलों के संचालन में आने वाली समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी ने सभी निर्देशों का निर्धारित समयसीमा में अनुपालन सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया। बैठक में पुलिस, विकास, प्राधिकरण, नगर पालिका, नगर पंचायत और पशुपालन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक से पहले उपाध्यक्ष ने पत्रकार वार्ता में प्रदेश सरकार द्वारा गोवंश संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि गौ आश्रय स्थलों में चारा, पानी, चिकित्सा और सुरक्षा सुविधाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment