बिजनौर (शिखर समाचार)
थाना शहर कोतवाली क्षेत्र के जमदरपुर गांव में चोरी के आरोपी से पूछताछ करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और दुर्व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली। हालात बिगड़ते देख पुलिस टीम को आरोपी युवक को छोड़कर वापस लौटना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।
पुलिस टीम पर धक्का-मुक्की, आरोपी को छोड़कर लौटना पड़ा
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि 27 मई की रात थाना शहर कोतवाली के उपनिरीक्षक विनय कुमार, आरक्षी सनी मलिक और वेद प्रकाश के साथ जमदरपुर गांव पहुंचे थे। पुलिस टीम चोरी के एक मामले में पूछताछ के लिए आजम पुत्र सलीम को हिरासत में लेने गई थी।
जैसे ही गांव के लोगों को इसकी जानकारी मिली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस टीम को घेर लिया। ग्रामीणों का कहना था कि आजम निर्दोष है। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। विरोध बढ़ने पर पुलिस टीम को युवक को मौके पर ही छोड़कर लौटना पड़ा।
12 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की पहचान जारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना शहर कोतवाली में सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम से अभद्रता करने और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने वीडियो फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर 12 लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
