मोदीनगर (शिखर समाचार)। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर गांधी मार्केट स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
हवन-पूजन के साथ श्रद्धांजलि कार्यक्रम की शुरुआत
चौधरी चरण सिंह स्मारक समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत आर्य समाज रीति-रिवाज के अनुसार हवन-पूजन के साथ हुई। इसके बाद उपस्थित जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
किसानों और ग्रामीण समाज के उत्थान पर दिया गया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
कार्यक्रम में भाजपा विधायक डॉ. मंजू सिवाच ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने अपना संपूर्ण जीवन किसानों, मजदूरों और ग्रामीण समाज के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके सिद्धांत और आदर्श आज भी समाज और राष्ट्र को नई दिशा प्रदान कर रहे हैं। समिति अध्यक्ष सत्येंद्र तोमर ने कहा कि चौधरी साहब का मानना था कि देश की खुशहाली का रास्ता खेत और खलिहान से होकर गुजरता है, इसलिए किसानों की समृद्धि ही देश की उन्नति का आधार है।
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
कार्यक्रम का संचालन ललित सेन ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष विनोद वैशाली, पूर्व पालिका अध्यक्ष अशोक महेश्वरी, राम भरोसे लाल मौर्य, राकेश तोमर, किरण पाल गुलिया, तेजवीर डबाना, सभासद संदीप सांगवान, ललित त्यागी, बलराज गुर्जर, बॉबी चौधरी, नवीन जायसवाल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
