हरिद्वार (शिखर समाचार)।
पवित्र कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित जनपद के 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं, जहां यात्रा के दौरान अस्वस्थ होने या चोटिल होने वाले श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की चिकित्सक एवं पैराचिकित्सा कर्मियों की टीमें चौबीसों घंटे सेवा में जुटी हैं, जिससे शिवभक्तों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके।
32 स्थानों पर लगाए गए स्वास्थ्य शिविर
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर. के. सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा के चौथे दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में कुल 15,010 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक कुल 34,076 श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल चुका है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष पहली बार कांवड़ यात्रा में चार चलित चिकित्सा इकाइयों को भी शामिल किया गया है, जो विभिन्न मार्गों पर पहुंचकर जरूरतमंद श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
शिवभक्तों को मिल रही तत्काल चिकित्सा सुविधा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
स्वास्थ्य विभाग ने सभी शिविरों में पर्याप्त मात्रा में आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों, एम्बुलेंस तथा प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों की व्यवस्था सुनिश्चित की है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने शिवभक्तों से यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, समय-समय पर विश्राम करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार लेने की अपील की।
कांवड़ यात्रा तक जारी रहेंगी स्वास्थ्य व्यवस्थाएं
जिला प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा के समापन तक श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी सक्रियता के साथ जारी रहेंगी।
