ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। हाल ही में नोएडा में सड़क किनारे बने बेसमेंट में कार गिरने से एक इंजीनियर की मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर पूरे शहर में दुर्घटना संभावित इलाकों को चिन्हित कर उन्हें सुरक्षित बनाने का व्यापक अभियान शुरू किया गया है। सड़क पर या आसपास मौजूद किसी भी तरह के गड्ढे को तत्काल भरने, शार्प यूटर्न और ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम दुरुस्त करने तथा दिशा संकेतकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने फील्ड निरीक्षण अभियान शुरू कराया, तीन दिन में चिन्हित होंगे गड्ढे और खतरनाक मोड़
इन्हीं निर्देशों के क्रम में एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने महाप्रबंधक एके सिंह और सभी वर्क सर्किल प्रभारियों के साथ ऑनलाइन बैठक कर परियोजना विभाग, सहायक प्रबंधकों, प्रबंधकों और वरिष्ठ प्रबंधकों को अपने-अपने क्षेत्रों में फील्ड निरीक्षण कर तीन दिन के भीतर गड्ढों, खतरनाक मोड़ों और ब्लैक स्पॉट को चिन्हित करने को कहा। अभियान की शुरुआत सोमवार से ही कर दी गई है। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस और एसीईओ सुमित यादव की निगरानी में परियोजना विभाग की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं।
परियोजना विभाग के महाप्रबंधक एके सिंह के नेतृत्व में सभी वर्क सर्किल की टीमें सड़क दुर्घटना संभावित स्थानों पर रोड मार्कर, कैट्स आई, सेंट्रल वर्ज की दीवारों पर पेंट और रिफ्लेक्टर लगाने, बिना दीवार वाले नालों पर बैरिकेडिंग करने तथा मुख्य मार्गों से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर स्पीड ब्रेकर लगाने का काम कर रही हैं। ब्लैक स्पॉट को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जा रहा है।
एसीईओ सुमित यादव ने सड़क सुरक्षा और स्ट्रीट लाइट सुधार के लिए फील्ड निरीक्षण कर दिए कड़े निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/nehru-world-school-student-sanskriti-bana/
एसीईओ सुमित यादव ने स्वयं 130 मीटर रोड और सेक्टर दो व तीन क्षेत्रों का निरीक्षण कर मौके पर मौजूद अधिकारियों को सुरक्षा इंतजाम तत्काल मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित वर्क सर्किल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विद्युत अभियांत्रिकी विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी मार्ग पर अंधेरा न रहे और सभी स्ट्रीट लाइटों की जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए।
इसके साथ ही बिल्डरों को भी निर्माणाधीन साइटों पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को किसी तरह का खतरा न हो। एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने बताया कि सभी वर्क सर्किल को शपथ पत्र देना होगा, जिसमें यह प्रमाणित किया जाएगा कि उनके क्षेत्र में सभी दुर्घटना संभावित स्थानों पर सुरक्षा के आवश्यक उपाय पूरे कर दिए गए हैं। प्राधिकरण का कहना है कि सड़क हादसों को रोकना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही वाहन चालकों से भी यातायात नियमों का पालन करने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की गई है।
