हापुड़ (शिखर समाचार)। श्री राधे राधे सेवा परिवार के तत्वावधान में श्री राधा छठी महोत्सव के उपलक्ष्य में भव्य रासलीला का आयोजन किया गया, जिसमें श्री राधा-कृष्ण विवाह महोत्सव बड़े ही धूमधाम और अलौकिक ढंग से संपन्न हुआ।
महोत्सव के दौरान श्री राधे राधे श्याम परिवार के महामंत्री राजीव बाटला के निवास से श्री दादा दामोदर सरकार जी की पालकी और श्री रासबिहारी सरकार की भव्य घुड़चढ़ी यात्रा निकाली गई, जो सनातन धर्म सभा तक पहुंची। इससे पूर्व तिलक, काजल लगाने समेत सभी मांगलिक रस्में लीला व्यास जय प्रिया दास, सीमा बाटला, राधिका और आंचल अग्रवाल की देखरेख में वैदिक रीति-रिवाज से पूरी की गईं।
भजनों पर झूमे श्रद्धालु, जगह-जगह पुष्पवर्षा से हुआ स्वागत
घुड़चढ़ी यात्रा के दौरान भजन गायक मयंक बाबा और रॉकी भैया ने “तेरा किसने किया सिंगार सांवरे…” तथा “सजा सिर सेहरा हरि के…” जैसे भावपूर्ण और मधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूमने को मजबूर हो गए। यात्रा मार्ग में स्थान-स्थान पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
तत्पश्चात सनातन धर्म सभा में ठाकुर जी और किशोरी जी के अलौकिक ब्याहुला तथा पावन फेरों की लीला का मंचन हुआ, जिसके दिव्य दृश्य को देख उपस्थित भक्तगण भाव-विभोर हो गए।
राधा-कृष्ण विवाह महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस पावन अवसर पर नरेंद्र शर्मा, राजीव बाटला, अतुल सोनी, राजीव वर्मा, अशोक बाटला, डॉ. सुशील गोस्वामी, संजीव गोयल, शीतल गर्ग, पूनम गोयल सहित बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
