लोनी में जीडीए का बड़ा एक्शन: 8 हजार वर्ग मीटर में कट रही अवैध कालोनी की जमींदोज

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
GDA Takes Major Action in Loni: Illegal Colony Sprawling Over 8,000 Square Meters Demolished — IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

——लोकल प्रॉपर्टी डीलरों ने किया भारी विरोध, 70 भूखंडों की बाउंड्रीवॉल और सड़कें तोड़ीं

आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)।

गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने बुधवार को अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ एक बार फिर बड़ा डंडा चलाया है। जीडीए के प्रवर्तन जोन-08 की टीम ने लोनी क्षेत्र के ग्राम सभापुर में भारी पुलिस बल के साथ धावा बोलकर करीब 8,000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही एक बड़ी अनाधिकृत कॉलोनी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सभापुर के खसरा संख्या-996/1 पर भू-माफियाओं और स्थानीय प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा बिना किसी ले-आउट पास कराए अवैध रूप से कॉलोनी काटी जा रही थी। इस साइट पर लगभग 60 से 70 भूखंडों (प्लॉट्स) की बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी गई थी और सड़कों का निर्माण भी कर लिया गया था। उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम 1973 की सुसंगत धाराओं के तहत प्राधिकरण ने इस निर्माण को पूरी तरह अवैध पाया था।

हंगामे और विरोध के बीच चलता रहा बुलडोजर

ALSO READ:https://zeenews.india.com/hindi/india/up-uttarakhand/ghaziabad/photo-gallery-gda-decided-in-meeting-10-crossings-widened-and-beautified-in-ghaziabad/2875019

बुधवार को जब प्रभारी प्रवर्तन जोन-08 के नेतृत्व में प्राधिकरण का दस्ता बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचा, तो वहां हड़कंप मच गया। स्थानीय निर्माणकर्ताओं और प्रॉपर्टी डीलरों ने कार्रवाई का कड़ा विरोध किया और काम रोकने का प्रयास करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद प्राधिकरण के पुलिस दस्ते और क्षेत्रीय थाने के भारी पुलिस बल ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को तुरंत नियंत्रित कर खदेड़ दिया।

पुलिस के सख्त रुख के आगे विरोध करने वालों की एक न चली और जीडीए ने पूरी मुस्तैदी के साथ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को अंजाम दिया। देखते ही देखते भूखंडों की बाउंड्रीवॉल और बनाई गई सड़कों को जमींदोज कर दिया गया। इस बड़ी कार्रवाई के दौरान स्थल पर प्रवर्तन जोन-8 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस दस्ता और स्थानीय पुलिस बल के जवान तैनात रहे। जीडीए अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध प्लाटिंग और बिना नक्शा पास कराए निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Share This Article
Leave a comment