बिजनौर (शिखर समाचार)। साक्षर भारत मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम लोक शिक्षा केंद्रों पर संविदा के आधार पर कार्यरत विकासखंड हल्दौर के शिक्षा प्रेरकों ने बुधवार को बकाया मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर खंड विकास अधिकारी कार्यालय हल्दौर पर एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रेरकों ने सरकार पर 18 माह का मानदेय लंबित रखने तथा उन्हें बेरोजगार करने का आरोप लगाया। धरना स्थल पर पहुंचे साक्षर भारत मिशन के उप सचिव, खंड शिक्षा अधिकारी हल्दौर एवं खंड विकास अधिकारी हल्दौर को प्रेरकों ने दो सूत्रीय मांग पत्र सौंपते हुए बकाया मानदेय का भुगतान कराने तथा किसी अन्य विभाग में समायोजन किए जाने की मांग उठाई।
18 माह से मानदेय लंबित होने का आरोप
धरने को संबोधित करते हुए प्रेरकों ने कहा कि भारत सरकार के साक्षरता, वैकल्पिक शिक्षा, उर्दू एवं प्राच्य भाषा विभाग द्वारा वर्ष 2009-10 में साक्षर भारत मिशन योजना लागू की गई थी। इसके अंतर्गत प्रत्येक ग्राम सभा में एक महिला एवं एक पुरुष प्रेरक की नियुक्ति कर 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने का दायित्व सौंपा गया था। प्रेरकों का आरोप है कि सरकार ने 31 मार्च 2018 को योजना बंद कर दी, जिससे जनपद बिजनौर के लगभग 2250 प्रेरक बेरोजगार हो गए। उन्होंने कहा कि प्रेरकों से मतदाता सूची संबंधी कार्य, घर-घर सर्वेक्षण तथा अन्य सरकारी योजनाओं में भी कार्य लिया गया, लेकिन इसके बावजूद 18 माह का मानदेय आज तक नहीं दिया गया। इससे प्रेरकों के परिवार आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं।
जांच के बावजूद भुगतान न होने का आरोप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रेरक एकता कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक ने कहा कि भारत सरकार द्वारा वित्तीय वर्ष 2017-18 में साक्षरता विभाग की लेखा जांच कराई गई थी। जांच दल ने अवशेष मानदेय भुगतान के लिए सत्यापन एवं प्रमाणित विवरण उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया था, लेकिन आठ वर्ष बीतने के बाद भी भुगतान नहीं किया गया। जिला महामंत्री चौधरी ईशम सिंह ने मांग करते हुए कहा कि सरकार सभी साक्षरता कर्मियों का बकाया मानदेय एकमुश्त जारी करे तथा अनुभव के आधार पर किसी विभाग में समायोजित करे। यदि समायोजन संभव न हो तो बेरोजगार हुए साक्षरता कर्मियों को बेरोजगारी भत्ता दिया जाए।
सैकड़ों प्रेरकों ने किया प्रदर्शन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
ब्लॉक अध्यक्ष चौधरी नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता एवं बाबूराम आर्य के संचालन में आयोजित धरना प्रदर्शन में देवेंद्र सिंह, संदीप कुमार, शर्मिष्ठा, रेखा, सीमा, कविता, सुनीता, शीतल, किरण देवी, खुर्शीदा परवीन, विजेंद्र सिंह, विरेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, हुकम सिंह, संसार सिंह, दिनेश कुमार, जगदेवगिरी, हुसैन अंसारी सहित सैकड़ों प्रेरक मौजूद रहे।
