गाजियाबाद (शिखर समाचार)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर जनसुनवाई में प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही की जा रही है। इतना ही नहीं शिकायतों का निस्तारण कराते हुए डीएम रविंद्र कुमार खुद मौके पर पहुंचकर भूमाफियाओं के हौसले तोड़ रहे हैं। एक बार फिर थाना विजयनगर क्षेत्र में उन्होंने ईश्वर पटेल के मकान को कब्जा मुक्त कराया है, जिस पर ताज मोहम्मद ने अपने साथियों के साथ मिलकर कब्जा किया हुआ था। इससे पहले भी थाना विजयनगर क्षेत्र में ही चंचल के मकान को ताज मोहम्मद के चुंगल से डीएम ने खुद मौके पर पहुंचकर छुड़वाया था। डीएम ने मौके पर ही ऐसे भूमाफियाओं को चिन्हित करते हुए उन पर ठोस कार्यवाही करने के आदेश दिए हैं, जिससे किसी भी असहाय या दुर्बल का फायदा ये भूमाफिया नहीं उठा सकें।
जनसुनवाई में मिला पीड़ित का प्रार्थना पत्र
पीड़ित ने जनसुनवाई में डीएम को बताया कि उनके पिता विधासागर पटेल ने वर्ष 2004 में सजवान नगर क्षेत्र, विजयनगर, गाजियाबाद में 60 वर्ग गज का एक प्लॉट क्रय कर विधिवत रजिस्ट्री कराकर मकान का निर्माण कराया था। परिवार वर्ष 2021 तक उक्त मकान पर शांतिपूर्वक काबिज रहा। वर्ष 2021 में विधासागर पटेल की तबीयत खराब होने के कारण उनका उपचार दिल्ली में चलने लगा, जिसका लाभ उठाकर भू-माफिया ताज मोहम्मद एवं उसके साथियों द्वारा मकान पर अवैध कब्जा कर लिया गया।
पीड़ित परिवार लगातार विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाता रहा, किन्तु कहीं से भी उन्हें न्याय नहीं मिल सका। पीड़ित ने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी के बारे में सुना और पढ़ा कि वह गरीबों और पीड़ितों को शीघ्र न्याय व सहायता दिलाते हैं, जिसके बाद बीते शनिवार को जिलाधिकारी से निवेदन करने पहुंचे, किन्तु मुलाकात नहीं हुई और प्रार्थना पत्र देकर वापस आ गए। इसके बाद बीते सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात कर पूरी घटना से अवगत कराया तथा अपने मकान को भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराकर पुनः कब्जा दिलाने की गुहार लगाई।
डीएम के निर्देश पर 24 घंटे में मुक्त हुआ मकान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/soybean-crop-damaged-in-raisen/
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम गठित कर जांच के निर्देश दिए। अधिकारियों द्वारा अभिलेखों, स्वामित्व संबंधी दस्तावेजों तथा मौके की स्थिति का गहन परीक्षण किया गया। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई करते हुए मकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया तथा मात्र 24 घंटे के भीतर पीड़ित परिवार को पुनः कब्जा दिलाते हुए उनका विधिवत गृह प्रवेश कराया गया।
