गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के कल्याणार्थ जिला सैनिक बन्धु बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मॉंदड़ के निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर मजिस्ट्रेट गाजियाबाद सतीश चन्द्र त्रिपाठी ने की।
बैठक में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी गाजियाबाद कैप्टन राम प्रवेश सिंह ने उपस्थित एडम कमान्डेन्ट, स्टेशन हेडक्वार्टर बाबूगढ़ छावनी हापुड़, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पदाधिकारियों, जिला सैनिक बन्धु बैठक के सदस्यों, वीरांगनाओं एवं पूर्व सैनिकों का स्वागत किया।
लंबित प्रकरणों पर अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश
बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन राम प्रवेश सिंह ने कार्यालय द्वारा पिछली सैनिक बन्धु बैठक 22.05.2026 के बाद किए गए प्रमुख कार्यों की जानकारी दी। इसके बाद नगर मजिस्ट्रेट ने पूर्व में प्राप्त आवेदन-पत्रों और समस्याओं पर चर्चा की।
सुदेशपाल के प्रकरण में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पूर्व सैनिक एक्स सार्जेन्ट प्रवीन कुमार के खसरा नंबर-560 और 562 में सीमेंट की स्लैब लगाकर भूमाफियों द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटवाने के संबंध में दोबारा जांच करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा लवकुश पुत्र त्रिलोक चन्द के प्रकरण में दोनों पक्षों को बुलाकर सुनवाई करने, राजेन्द्र फौगाट पत्नी पूर्व सैनिक कृपाल सिंह की जमीन की दीवार गिराने के मामले में एसडीएम मोदीनगर से आख्या मंगाने के निर्देश दिए गए।
पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बैठक में नायक बसन्त स्वरूप को पड़ोसी के कब्जे से भूमि मुक्त कराने के लिए डिप्टी रजिस्ट्रार को पत्र लिखने के निर्देश दिए गए। वहीं हवलदार राजेश कुमार के प्रकरण में एसडीएम मोदीनगर से दोबारा आख्या मांगी गई और पूर्व सैनिक महिपाल सिंह के प्लॉट को कम किए जाने के मामले में एसडीएम गाजियाबाद को निर्देशित किया गया।
बैठक के अंत में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कैप्टन राम प्रवेश सिंह ने सभी प्रशासनिक अधिकारियों, पदाधिकारियों तथा बैठक में उपस्थित करीब 40 पूर्व सैनिकों और आश्रितों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन-पत्र बैठक से दो दिन पहले जिला सैनिक कल्याण कार्यालय गाजियाबाद में प्रस्तुत करें, जिससे उनकी समस्याओं का समय से समाधान कराया जा सके।
बैठक में एडम कमान्डेन्ट स्टेशन हेडक्वार्टर बाबूगढ़, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक, सहायक पुलिस आयुक्त कविनगर सिद्धार्थ गौतम सहित जिला सैनिक बन्धु बैठक के सदस्य और जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के पवन कुमार वरिष्ठ सहायक, विनोद कुमार, प्रियंका सिंह, रीतू सिंह, निपुण पायला, राकेश एवं पवन उपस्थित रहे।
