मेरठ (शिखर समाचार)। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र कलानिधि नैथानी ने सोमवार को शहर के प्रमुख कांवड़ मार्गों और व्यवस्थाओं का व्यापक निरीक्षण किया।
उन्होंने सिविल लाइन, लालकुर्ती, दिल्ली गेट, रेलवे रोड और सदर बाजार थाना क्षेत्रों का भ्रमण करते हुए सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद घंटाघर स्थित पुलिस अधीक्षक नगर कार्यालय में स्थापित कांवड़ कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की।
कंट्रोल रूम में लापरवाही पर सख्ती, कैमरों को तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कुछ कैमरे बंद तथा कुछ का कोण सही नहीं मिलने पर उन्हें तत्काल चालू कराकर सही दिशा में स्थापित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख चौराहों और कांवड़ मार्गों पर लगे कैमरों का एकीकृत नियंत्रण कंट्रोल रूम से होना चाहिए, ताकि हर गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
डीआईजी ने कैंट क्षेत्र स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर पहुंचकर पार्किंग, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नैन्सी चौराहा और दर्शन एकेडमी के पास पार्किंग स्थलों पर साफ-सफाई बेहतर कराने, अव्यवस्थाओं को दूर करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर बिजली के तार नीचे लटके तथा पेड़ों की शाखाएं कैमरों के दृश्य में बाधा बनती मिलीं, जिन्हें तत्काल ठीक कराने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।
यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
डीआईजी ने अधिकारियों के जनसुनवाई कक्ष को भी मिनी कंट्रोल रूम के रूप में विकसित कर वहां से आईपी कैमरों के माध्यम से नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर और कांवड़ मार्ग पर पर्याप्त संख्या में आईपी और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं तथा उनके एक्सेस कंट्रोल पर विशेष ध्यान दिया जाए। जलाभिषेक और कांवड़ के जल चढ़ाने के लिए प्रवेश एवं निकास मार्गों पर समुचित प्रबंध किए जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए तथा कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिस कर्मियों की नामवार सूची प्रत्येक चौकी और कंट्रोल रूम पर उपलब्ध रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर विनायक गोपाल भौंसले, क्षेत्राधिकारी कैंट तथा अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
