गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना कोतवाली नगर के घंटाघर क्षेत्र स्थित विंग्स शूज शोरूम में मंगलवार दोपहर को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची। दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई और अग्निशमन कर्मियों की कड़ी मेहनत के चलते आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया गया तथा आसपास स्थित दुकानों और शोरूमों को सुरक्षित बचा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई।
आग बुझाने के लिए अपनाई गई विशेष रणनीति
चीफ फायर ऑफिसर राहुल पाल ने बताया कि 7 जुलाई 2026 को दोपहर लगभग 3 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को घंटाघर स्थित विंग्स शूज शोरूम में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली सहित सभी उपलब्ध फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि आग भवन की चौथी मंजिल पर लगी हुई थी और तेजी से फैल रही थी।
आग की गंभीरता को देखते हुए जनपद के अन्य फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन एवं अग्निशमन अधिकारियों को बुलाया गया। आग को अन्य भवनों तक फैलने से रोकने के लिए आसपास की इमारतों की छतों तक होज लाइन बिछाकर फायर फाइटिंग की गई। भवन के अंदर अत्यधिक तापमान और घने धुएं के कारण अग्निशमन कर्मियों ने बीए सेट पहनकर जोखिम उठाते हुए आग बुझाने का कार्य जारी रखा।
कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया गया पूरी तरह काबू
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
आग के स्रोत तक पहुंच बनाने के लिए आसपास की छतों से संबंधित भवन की दीवार भी तोड़ी गई, जिससे प्रभावी ढंग से आग पर नियंत्रण पाया जा सके। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और सुनियोजित रणनीति के बाद फायर सर्विस यूनिट ने आग को पूरी तरह बुझा दिया।
दमकल विभाग की तत्परता के कारण आसपास स्थित अन्य दुकानों, शोरूमों और भवनों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। घटना के दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करती रही। आग बुझाने के अभियान में 11 दमकल गाड़ियों का प्रयोग किया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
