मेरठ (शिखर समाचार) मेरठ परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक कलानिधि नैथानी ने गुरुवार को पुलिस लाइन मेरठ का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, अनुशासन, संसाधनों और पुलिस कर्मियों की कार्यक्षमता का गहराई से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परेड की सलामी ली और पुलिस बल की टुकड़ियों से सशक्त ड्रिल एवं मॉक अभ्यास भी कराया। बेहतर टर्नआउट और अनुशासन के लिए 11 पुलिसकर्मियों के साथ-साथ मिशन शक्ति महिला टोली को पुरस्कृत किया गया।
सुरक्षा की कसौटी: डीआईजी ने परेड और आपातकालीन ड्यूटी व्यवस्था का किया निरीक्षण
निरीक्षण की शुरुआत परेड ग्राउंड से हुई, जहां पुलिस कर्मियों की टोलीवार ड्रिल कराई गई। इसके बाद क्वार्टर गार्द को होशियार कराकर आपातकालीन ड्यूटी व्यवस्था की परख की गई। डीआईजी ने गार्द में लगे आपातकालीन नंबरों की सूची को अद्यतन रखने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की देरी न हो।
इसके उपरांत परिवहन शाखा पहुंचकर डीआईजी ने सरकारी वाहनों की स्थिति, मरम्मत, रखरखाव और तकनीकी दक्षता की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी वाहन पूरी तरह फिट और अपडेट रहें, वहीं क्यूआरटी टीम में उच्च गुणवत्ता वाले वाहनों का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। यूपी-112 के वाहनों में रात्रि ड्यूटी के दौरान उपनिरीक्षक की तैनाती के भी निर्देश दिए गए।
आपात समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया: डीआईजी ने महिला सुरक्षा मामलों में तुरंत कार्रवाई पर दिया जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/awareness-session-on-sir-organized-at-its/
जनपदीय कंट्रोल रूम, रेडियो शाखा और यूपी-112 कार्यालय के निरीक्षण के समय डीआईजी ने त्वरित समन्वय पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला संबंधी किसी भी घटना का इवेंट मिलते ही सूचना संबंधित चौकी प्रभारी तक तत्काल पहुंचे और पीआरवी टीम मौके पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराए।
डॉग स्क्वायड, फायर सर्विस और एएस चेक टीम से अग्निकांड, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन से संबंधित मॉक ड्रिल करवाई गई। अज्ञात शव मिलने जैसी आपात स्थिति पर कार्रवाई का भी अभ्यास कराया गया ताकि रिस्पॉन्स टाइम न्यूनतम रहे और घटनास्थल सुरक्षित किया जा सके।
सुरक्षा में मजबूती: डीआईजी ने हथियार, उपकरण और संसाधनों की समीक्षा कर कड़े निर्देश दिए
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/extensive-review-of-mission-shakti-zero/
शस्त्रागार के निरीक्षण में हथियारों और गोला-बारूद की साफ-सफाई तथा रखरखाव को लेकर कड़े निर्देश दिए गए। जीपी स्टोर में उपलब्ध संसाधनों की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने सभी थानों को उच्च गुणवत्ता के हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर, लाउड हेलर, टॉर्च, रस्सा और बॉडी वॉर्न कैमरे उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
पुलिस मैस, बैरक और आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, जल निकासी, बिजली-पानी और भवनों की मरम्मत व्यवस्था को संतोषजनक पाया गया। हालांकि कुछ स्थानों पर सुधार के निर्देश भी दिए गए। आरटीसी मैस में अच्छी गुणवत्ता के भोजन हेतु फॉलोवर नवीन कुमार को तथा राशन शॉप में उत्कृष्ट कार्य के लिए हेड कांस्टेबल सौराज कुमार को पुरस्कृत किया गया।
कसौटी पर अनुशासन: डीआईजी ने ड्यूटी व्यवस्था और पिकेट तैनाती पर दिए सख्त निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/municipal-commissioner-held-a-review-meeting/
आदेश कक्ष में गार्द रजिस्टरों की जांच करते हुए डीआईजी ने ड्यूटी व्यवस्था में अनुशासन बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि राजपत्रित अधिकारी नियमित रूप से क्वार्टर गार्द और अपने कार्यालयों के अनुशासन रजिस्टर का निरीक्षण करें। साथ ही रिजर्व कर्मियों को बदल-बदल कर शहर में विभिन्न स्थानों पर पिकेट ड्यूटी पर तैनात करने के आदेश दिए गए ताकि कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक मेरठ विपिन ताड़ा, पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिजीत कुमार, पुलिस अधीक्षक लाइन एवं यातायात राघवेन्द्र मिश्र, पुलिस अधीक्षक अपराध अवनीश कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक लाइन अन्तरिक्ष जैन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक और पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
