योग और प्रकृति के अद्भुत संगम से महका देहरादून, एमडीडीए सिटी फॉरेस्ट पार्क बना स्वास्थ्य का महाकुंभ

Rashtriya Shikhar
7 Min Read
Dehradun was filled with the beautiful blend of yoga and nature; the MDDA City Forest Park became a grand fair of health and wellness. IMAGE CREDIT TO AUTHORITY

—-वृक्षों की छांव और पहाड़ों की शांत वादियों में उमड़ा जनसैलाब; आधुनिक जनसुविधाओं और स्वच्छता की पर्यटकों ने की मुक्तकंठ से सराहना

आरव शर्मा
देहरादून (शिखर समाचार)।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक पहचान दिलाने व जन-जन तक पहुंचाने के अभियान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा उत्तराखंड को योग, वेलनेस एवं प्राकृतिक चिकित्सा की राजधानी बनाने के प्रयासों के बीच अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देहरादून का सिटी फॉरेस्ट पार्क स्वास्थ्य, आध्यात्म और प्रकृति के अद्भुत संगम का साक्षी बना। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रकृति की हरियाली के बीच एक हजार से अधिक लोगों ने सामूहिक योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।

सुबह की ताजा हवा, वृक्षों की छांव और पक्षियों की मधुर आवाजों के बीच जब एक साथ हजारों हाथ योग मुद्राओं में उठे तो पूरा सिटी फॉरेस्ट पार्क मानो योगमय हो गया। योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सभी प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की क्रियाओं का गहन अभ्यास किया। कार्यक्रम में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। एमडीडीए द्वारा विकसित यह पार्क केवल एक मनोरंजन स्थल नहीं बल्कि स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक गतिविधियों का नया केंद्र बनकर उभरा है। पार्क में मौजूद ओपन स्पेस, ट्रैक और हरित क्षेत्र सामूहिक योग के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करते हैं।

देवभूमि से दुनिया तक योग की गूंज: मुख्य सचिव आनंद बर्धन

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-ncr-ghaziabad-news-yamuna-river-rise-threatens-loni-villages-and-crops-submerged-24019250.html

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है जिसने पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली और आज विश्व के करोड़ों लोग इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव और व्यस्त जीवनशैली के बीच यह मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है।

मुख्य सचिव ने सभी प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे योग को केवल एक दिन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उत्तराखंड बनेगा योग और वेलनेस की वैश्विक राजधानी: उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/soybean-crop-damaged-in-raisen/

इस अवसर पर एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि उत्तराखंड सदियों से योग, तप और आध्यात्मिक साधना की भूमि रहा है। यहां का प्राकृतिक वातावरण और सांस्कृतिक विरासत लोगों को संतुलित जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चारधाम, हिमालय और प्राकृतिक संपदाओं से समृद्ध उत्तराखंड विश्वभर के योग साधकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने लोगों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि एमडीडीए के सभी सार्वजनिक स्थलों को स्वास्थ्य और जनकल्याण से जोड़ते हुए लोगों को बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने योग प्रशिक्षकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया तथा योग जागरूकता के लिए उनके योगदान की सराहना की।

हरित और स्वस्थ वातावरण देने का प्रयास: सचिव मोहन सिंह बर्निया

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/urges-speedy-resolution-of-inquiries-pending/

एमडीडीए के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि सिटी फॉरेस्ट पार्क में आयोजित योग दिवस कार्यक्रम में लोगों का उत्साह बेहद प्रेरणादायक रहा। प्राधिकरण का निरंतर प्रयास है कि शहरवासियों को ऐसे हरित और स्वस्थ वातावरण वाले सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराए जाएं, जहां वे प्रकृति के बीच समय बिता सकें। योग दिवस का आयोजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। भविष्य में भी पार्क में स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य सचिव ने परखी व्यवस्थाएं, उपाध्यक्ष के निर्देश पर लगेगा डिजिटल फीडबैक सिस्टम

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/sustainable-development-of-mining-areas/

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम के बाद मुख्य सचिव आनंद बर्धन ने एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी और सचिव मोहन सिंह बर्निया के साथ 12 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित पार्क का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने चिल्ड्रन पार्क, कैफेटेरिया, साइकिल ट्रैक, थ्री-डी मूवी थिएटर, सोलर प्लांट, नर्सरी, ओपन जिम, ओपन थिएटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन तथा पूछताछ केंद्र सहित पार्क की प्रमुख सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने पार्क में मौजूद नागरिकों, पर्यटकों और कैफेटेरिया संचालकों से बातचीत कर फीडबैक लिया और पार्क की स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण व्यवस्थाओं की सराहना की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि पार्क आने वाले लोगों की राय और सुझाव प्राप्त करने के लिए क्यूआर कोड आधारित ऑनलाइन फीडबैक सिस्टम विकसित किया जाए, जिससे नागरिक सीधे अपनी प्रतिक्रिया दर्ज करा सकें। मुख्य सचिव के निर्देशों के बाद एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने व्यवस्थाओं को और हाईटेक बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण के दौरान प्राप्त सभी सुझावों और निर्देशों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल लागू किया जाएगा। पार्क में डिजिटल सेवाओं, जनसुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा, ताकि सिटी फॉरेस्ट पार्क देहरादून के सबसे बेहतरीन सार्वजनिक स्थल के रूप में अपनी पहचान और मजबूत कर सके।

Share This Article
Leave a comment