हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद हापुड़ की तीनों तहसीलों गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़ और धौलाना में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तीनों तहसीलों में कुल 108 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 19 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
गढ़मुक्तेश्वर में 52 शिकायतें, 12 का मौके पर निस्तारण
गढ़मुक्तेश्वर तहसील में जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 12 का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, मारपीट, शांति भंग और साइबर ठगी के साथ पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत तथा पेयजल से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि समाधान दिवस में प्राप्त सभी प्रार्थना पत्रों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अंकन कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। भूमि विवादों में राजस्व एवं पुलिस विभाग आपसी समन्वय बनाकर शीघ्र कार्रवाई करें। शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी दूरभाष के माध्यम से भी दी जाए।
हापुड़ और धौलाना में 56 शिकायतें, सात का निस्तारण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पीड़ितों की सुनवाई थाना स्तर पर ही सुनिश्चित कराने के लिए थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं। हापुड़ तहसील में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा के समक्ष 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें पांच का मौके पर निस्तारण हुआ। धौलाना में अपर जिलाधिकारी के समक्ष 16 शिकायतें आईं, जिनमें दो का निस्तारण किया गया।
