——जीडीए उपाध्यक्ष आईएएस नंद किशोर कलाल और सदर विधायक संजीव शर्मा ने किया औचक निरीक्षण
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शहर के ऐतिहासिक नेहरू क्रिकेट स्टेडियम को अब आधुनिक खेल परिसर के रूप में नया जीवन मिलने जा रहा है। खेल प्रतिभाओं को तराशने और स्थानीय नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने स्टेडियम के संपूर्ण कायाकल्प का मास्टर प्लान तैयार किया है। इसी क्रम में जीडीए उपाध्यक्ष एवं युवा आईएएस अधिकारी नंद किशोर कलाल ने सदर विधायक संजीव शर्मा और प्राधिकरण के आला अधिकारियों की टीम के साथ रविवार सुबह 8 बजे स्टेडियम का सघन स्थलीय निरीक्षण किया।
स्टेडियम में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान आईएएस नंद किशोर कलाल का एक्शन मोड साफ नजर आया। उन्होंने पूरे परिसर का कोना-कोना खंगालते हुए खिलाड़ियों और आम जनता को मिल रही बुनियादी सुविधाओं, स्वच्छता, ड्रेनेज और ग्राउंड मेंटेनेंस की जमीनी हकीकत परखी। व्यवस्थाओं में मौजूद कमियों पर उन्होंने मौके पर ही संबंधित अनुरक्षण एजेंसी और इंजीनियरिंग विंग के अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि स्टेडियम की पहचान केवल एक खेल मैदान तक सीमित न रहे, बल्कि यह पूरे शहर के लिए फिटनेस और खेल संस्कृति का प्रमुख केंद्र बने।
जीडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश जारी किए कि अनुरक्षण एजेंसी द्वारा लीज मद में प्राधिकरण को दी गई धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग स्टेडियम के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं के विस्तार में ही किया जाए। उन्होंने कहा कि फंड की कोई कमी नहीं है, बस काम समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ धरातल पर दिखना चाहिए।
वॉकिंग ट्रैक, ओपन जिम और हाई-मास्ट लाइटिंग से बदलेगा परिसर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’
कायाकल्प की इस योजना के तहत स्टेडियम में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। परिसर में खिलाड़ियों और मॉर्निंग वॉकर्स के लिए आधुनिक वॉकिंग ट्रैक का निर्माण और मौजूदा ट्रैक का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। युवाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए अत्याधुनिक ओपन जिम स्थापित होगा। शाम और रात के समय खिलाड़ियों व अभ्यासकर्ताओं की सुरक्षा के लिए हाई-मास्ट और बेहतर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा, स्टेडियम को पूरी तरह ‘प्लास्टिक-मुक्त जोन’ घोषित करते हुए बड़े पैमाने पर लैंडस्केपिंग और पौधरोपण के जरिए ग्रीन बेल्ट विकसित की जाएगी।
ड्रेनेज, शौचालय और पेयजल व्यवस्था में होगा सुधार
जलभराव की पुरानी समस्या से निजात दिलाने के लिए पूरे ड्रेनेज सिस्टम का जीर्णोद्धार होगा, साथ ही आधुनिक शौचालयों की मरम्मत और स्वच्छ पेयजल के लिए नए वाटर कूलरों की स्थापना की जाएगी।
आईएएस नंद किशोर कलाल ने जीडीए के इंजीनियरिंग अनुभाग को दो-टूक निर्देश दिए कि प्रस्तावित सभी कार्यों का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तुरंत तैयार कर निविदा प्रक्रिया को रिकॉर्ड समय में पूरा कराया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य धरातल पर शुरू होने चाहिए। नेहरू क्रिकेट स्टेडियम को एक स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और ऊर्जावान खेल परिसर के रूप में स्थापित करना प्राधिकरण की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि जनपद के उभरते खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए उत्कृष्ट माहौल मिल सके।
