ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में शिकायतों के निस्तारण, असंतुष्ट प्रतिक्रिया और विशेष रूप से बंद किए गए प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की गई। सीडीओ ने अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ निस्तारित किया जाए, ताकि शिकायतकर्ता को वास्तविक समाधान मिल सके। उन्होंने निर्देश दिए कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले शिकायतकर्ता से दूरभाष पर बातचीत की जाए और आवश्यकता होने पर मौके का निरीक्षण भी किया जाए। निस्तारण आख्या में शिकायतकर्ता तथा संबंधित पक्ष के बयान के साथ आवश्यक साक्ष्य भी संलग्न किए जाएं।
असंतुष्ट मामलों की प्राथमिकता के आधार पर होगी समीक्षा
उन्होंने असंतुष्ट प्रतिक्रिया वाले मामलों की प्राथमिकता के आधार पर समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। अधिकारियों को आईजीआरएस पोर्टल की नियमित निगरानी करने और निर्धारित समयसीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनता दर्शन की शिकायतों को समय से पोर्टल पर दर्ज कराने के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सीडीओ ने उप जिलाधिकारियों को जनता दर्शन में प्राप्त शिकायतों को समय से आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज कराने तथा उनके निस्तारण की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने कहा कि शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान होने से आमजन को बेहतर सेवाएं मिलेंगी और शासन-प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होगा।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार, बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
