अवैध भ्रूण लिंग जांच गिरोह का कोतवाली पुलिस ने किया भंडाफोड़, चार आरोपी गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Kotwali Police Bust Illegal Fetal Sex-Determination Racket; Four Accused Arrested IMAGE CREDIT TO पुलिस

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना कोतवाली नगर पुलिस, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम, डॉक्टर टीम और राजस्व विभाग की संयुक्त कार्रवाई में अवैध भ्रूण लिंग जांच और गर्भपात कराने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन, मशीन संचालन का उपकरण, प्रोब जेल, एक कार तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

सूचना के अनुसार महामाया स्टेडियम फ्लाईओवर के पास एक कार में कुछ लोग अवैध रूप से भ्रूण का लिंग परीक्षण और गर्भपात कराने की तैयारी कर रहे थे और किसी महिला के आने का इंतजार कर रहे थे। सूचना मिलते ही डॉक्टर टीम, राजस्व विभाग, स्वाट टीम, सर्विलांस टीम और थाना कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर मौके पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान कार संख्या UP14FL9335 से चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पोर्टेबल मशीन से चल रहा था अवैध कारोबार

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन की मदद से अवैध रूप से भ्रूण का लिंग परीक्षण करते थे और उसके बाद गर्भपात कराने की व्यवस्था भी करते थे। छापेमारी के दौरान पुलिस ने चीन निर्मित पोर्टेबल मशीन, प्रोब जेल, मशीन को बिजली आपूर्ति करने वाला उपकरण, कार तथा 20 हजार रुपये नकद बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बागपत निवासी संदीप, बुलंदशहर निवासी तस्लीम उर्फ साहिल, हापुड़ निवासी सलमान तथा गाजियाबाद के नंदग्राम निवासी साहिब अहमद के रूप में हुई है।

पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

संवाददाता सम्मेलन में उपासना पाण्डेय ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह गिरोह कब से सक्रिय था और किन-किन स्थानों पर अवैध लिंग जांच व गर्भपात का कारोबार संचालित किया जा रहा था तथा इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

पुलिस ने कहा कि पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि कन्या भ्रूण हत्या और अवैध लिंग परीक्षण जैसे अपराध समाज के लिए गंभीर चुनौती हैं, जिन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी ऐसी अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत सूचना दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।

Share This Article
Leave a comment