सफाई व्यवस्था संभालने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मैदान में, लापरवाही पर तीन लाख का जुर्माना

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Senior Officials of the Greater Noida Authority Take to the Field to Oversee Sanitation Arrangements; ₹3 Lakh Fine Imposed for Negligence IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा में ठेका सफाई कर्मियों की हड़ताल के बीच शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पूरी प्रशासनिक मशीनरी को सक्रिय कर दिया है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग के साथ परियोजना विभाग के सभी आठ कार्य परिक्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों की तैनाती की गई है।

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस., अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, महाप्रबंधक स्वास्थ्य आर.के. भारती सहित अन्य अधिकारी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।

हड़ताल के बावजूद सफाई व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

प्राधिकरण के अनुसार 1 जुलाई से कुछ ठेकेदारों के अधीन कार्यरत सफाई कर्मी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हड़ताल पर हैं। इसके बावजूद शहर में सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए प्रत्येक कार्य परिक्षेत्र में वरिष्ठ प्रबंधकों और प्रबंधकों की जिम्मेदारी तय की गई है।

रविवार को अवकाश होने के बावजूद अधिकारियों ने विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और जहां भी गंदगी मिली, वहां तत्काल सफाई कराई गई।

लापरवाही पर ठेकेदार पर जुर्माना और सख्त चेतावनी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सफाई व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर प्राधिकरण ने सख्त कार्रवाई करते हुए बिमल राज आउटसोर्सिंग प्राइवेट लिमिटेड पर कुल तीन लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। जोन-5 में सफाई व्यवस्था संतोषजनक न मिलने पर दो लाख रुपये तथा ईकोटेक-3, सेक्टर-2 और सेक्टर-3 में गंदगी पाए जाने पर एक लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना लगाया गया।

साथ ही ठेकेदारों को पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने और भविष्य में लापरवाही मिलने पर काली सूची में डालने की चेतावनी दी गई है।

सफाई का समय बढ़ाया गया, अतिरिक्त टीमें तैनात

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

सफाई कर्मियों की कमी को देखते हुए सफाई का समय बढ़ाकर सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक कर दिया गया है। घर-घर कूड़ा संग्रहण, यांत्रिक सड़क सफाई और कूड़ा उठाने वाले वाहनों की संख्या भी बढ़ाई गई है।

उद्यान विभाग और त्वरित प्रतिक्रिया दल को भी इस अभियान में लगाया गया है। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीलक्ष्मी वी.एस. ने नागरिकों से स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने और कहीं भी गंदगी दिखाई देने पर संबंधित पर्यवेक्षक को सूचना देने की अपील की है।

Share This Article
Leave a comment