मोदीनगर (शिखर समाचार)। मोदीनगर नगर पालिका परिषद के सभागार में शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में वर्ष 2026-27 के लिए 234 करोड़ रुपये का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में प्रत्येक वार्ड में 30-30 लाख रुपये के विकास कार्य कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही हर वार्ड में पुस्तकालय और छोटे खेल मैदान बनाए जाने की घोषणा की गई।
विकास कार्यों के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा
बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष विनोद वैशाली ने की, जबकि संचालन अधिशासी अधिकारी नरेंद्र मोहन मिश्रा ने किया। बैठक में सड़क और नाली निर्माण, सफाई व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति तथा कर संग्रह जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए नई योजनाओं पर भी विचार किया गया।
हर वार्ड में होंगे पुस्तकालय और खेल मैदान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि नगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर साइन बोर्ड भी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक वार्ड में पुस्तकालय और छोटे खेल मैदान स्थापित करने से युवाओं को अध्ययन और खेल गतिविधियों के बेहतर अवसर मिलेंगे।
बैठक में राजस्व निरीक्षक अंकित चौधरी, खाद्य एवं सफाई निरीक्षक अमरीश कुमार, अंकित गोयल, लेखाकार विनोद कुमार समेत सभासद उपस्थित रहे।
