हरिद्वार (शिखर समाचार)। जनपद की सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शनिवार को हरिद्वार-नजीबाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग सहित मंगलौर तक के राष्ट्रीय राजमार्ग का संबंधित अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने सड़कों की स्थिति, गड्ढों, साफ-सफाई, अतिक्रमण और निर्माणाधीन पुलों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए।
15 अक्टूबर तक सभी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त
जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सड़क पर जहां भी गड्ढे हैं, वहां तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए। बरसात के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों की नियमित निगरानी करते हुए आवश्यकता के अनुसार मरम्मत कराई जाए, ताकि वाहन चालकों और यात्रियों को परेशानी न हो तथा सड़क दुर्घटनाओं की संभावना को कम किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरम्मत कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अतिक्रमण और अवैध रूप से लगने वाली रेहड़ी-ठेलियों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए नियमित निगरानी की जाए। सड़क किनारे उगी झाड़ियों की कटाई और साफ-सफाई कराने के निर्देश भी दिए गए, ताकि वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता मिल सके।
अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई पर जोर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन पुलों की प्रगति की समीक्षा करते हुए गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि आवश्यक पुल और सड़क निर्माण कार्य कुंभ मेले के शुरू होने से पहले पूरे किए जाएं। दुर्घटना संभावित स्थानों पर उचित यातायात प्रबंधन, चेतावनी संकेतक, संकेतक बोर्ड और आवश्यकतानुसार गति अवरोधक लगाने के निर्देश परिवहन विभाग को दिए।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक विशाल गोयल, परियोजना प्रबंधक सुमित कुमार, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा, नेहा झा, कृष्ण चंद्र पलड़िया सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
