हापुड़ (शिखर समाचार) दिल्ली रोड स्थित निजामपुर कट के पास रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उनका साथी बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवारों को कुचला, बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार सुभाष नगर निवासी कुंवरपाल (60) अपने एक साथी के साथ बाइक पर सवार होकर पिलखुवा की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे निजामपुर कट के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर जा गिरे। कुंवरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि उनके साथी को हल्की चोटें आईं।
बाइक सवार की मौत, फरार पिकअप चालक की तलाश में जुटी पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/only-through-dedication-and-honesty/
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कुंवरपाल ने दम तोड़ दिया। पिकअप चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी देवेंद्र बिष्ट ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपी वाहन चालक की तलाश में जुटी है।
