गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम ने वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए अभियान चलाया हुआ है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के आदेश पर 24 घंटे लगातार मशीनों से पानी का छिड़काव किया जा रहा है। नगर निगम का जलकल, स्वास्थ्य, निर्माण और उद्यान विभाग संयुक्त रूप से काम कर रहे है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग मल्टी एंटी स्मोक गण के माध्यम से पानी का छिड़काव सड़कों पर कर रहा है। वहीं जलकल विभाग भी सड़कों पर पानी छिड़काव के साथ-साथ सड़कों की धुलाई का कार्य भी कर रहा है। उद्यान विभाग ग्रीन बेल्ट तथा सेंट्रल वर्ज पर लगे हुए पौधों की धुलाई तथा उन पर पानी बरसने का कार्य कर रहा है। निर्माण विभाग अभियान चलाते हुए जेसीबी के माध्यम से सीएंडदी वेस्ट मटेरियल को हटाने का कार्य कर रहा है। शहर में चल रहे कार्यों पर निगरानी बढ़ाने के लिए नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त सहित विभागीय अधिकारियों को मॉनिटरिंग करने के आदेश दिए हुए है। रोटरी गोल चक्कर से यूपी गेट, रोटरी गोल चक्कर से नंदग्राम होते हुए हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन, रोटरी गोल चक्कर से नागद्वार, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन से मेरठ रोड, अंबेडकर रोड, मोहन नगर मेट्रो स्टेशन से यूपी गेट, हापुड चुंगी चौराहा से ठाकुरद्वारा ओवर ब्रिज, हापुड चुंगी चौराहा से पुलिस लाइन, मेरठ तिराहा से गंगाजल प्लांट होते हुए नेशनल हाईवे 24, हापुड चुंगी चौराहा से विवेकानंद कट, डायमंड कट से नेशनल हाईवे 24, आरडीसी मोड़ से हिंट चौक, हापुड चुंगी से मेरठ रोड, ठाकुरद्वारा से मेरठ तिराहा, नेशनल हाईवे 24 से सीआईएफ होते हुए कनवानी मोड पर पानी की बौछार व छिड़काव किया जा रहा है। शहर के प्रमुख 15 मार्गो के साथ-साथ पांचो जोन के आंतरिक मार्ग में भी वायु गुणवत्ता सुधार के लिए कार्य किया जा रहा है।
