गाजियाबाद(शिखर समाचार)। अवैध निर्माणों और अनधिकृत कालोनियों के खिलाफ गाजियाबाद विकास प्राधिकरण का सख्त रुख जारी है। शुक्रवार को प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने ग्राम बसन्तपुर सैंतली, नवीपुर बम्बा और असालतनगर क्षेत्र में लगभग 33 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कालोनियों पर बुलडोजर चलाकर सड़कों, बाउंड्रीवॉल और साइट ऑफिसों को ध्वस्त कर दिया।
अवैध प्लॉटिंग पर प्राधिकरण की कड़ी कार्रवाई: अवैध कालोनियों और निर्माण कार्यों को किया गया नष्ट
प्राधिकरण की टीम ने ग्राम बसन्तपुर सैंतली, नवीपुर बम्बा रोड और असालतनगर क्षेत्र में चल रही अवैध प्लॉटिंग पर एक साथ कार्रवाई की। ग्राम बसन्तपुर सैंतली में खसरा नंबर 555 पर लगभग 8000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल, नवीपुर बम्बा में खसरा नंबर 153 पर लगभग 8000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल तथा ग्राम असालतनगर में खसरा नंबर 86 पर लगभग 7000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में अवैध कालोनियां विकसित की जा रही थीं। वहीं, एक अन्य स्थान पर करीब 8000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में इंटरलॉकिंग टाइल्स, बिजली के खंभे और सड़क निर्माण का कार्य जारी था।
प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन सभी अवैध संरचनाओं को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों और निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध भी किया गया, लेकिन पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ते ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान को सफलतापूर्वक पूरा किया।
निर्माणों पर सख्त नकेल: प्राधिकरण ने बिना अनुमति के किए गए निर्माणों को किया ध्वस्त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/young-man-shot-dead-in-village-sikri-police/
प्रवर्तन जोन-2 की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना प्राधिकरण की अनुमति के किए जा रहे किसी भी निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा। ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई में सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता शामिल रहा।
प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में इस तरह की अवैध कालोनियों और निर्माणों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण एवं सीलिंग अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि अनियोजित विकास और अवैध निर्माणों पर पूर्ण रूप से रोक लगाई जा सके।

