गाजियाबाद (शिखर समाचार)
थाना विजयनगर क्षेत्र के उत्सव भवन में बुधवार को आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। यह कार्यक्रम पुलिस आयुक्त जे. रविंदर गौड़ के आदेश पर आयोजित हुआ, जिसकी अध्यक्षता एसीपी कोतवाली नगर रितेश कुमार त्रिपाठी और थाना प्रभारी विजयनगर शशि कुमार चौधरी ने की।
बीट प्रणाली से बढ़ेगा पुलिस-जनता समन्वय, अपराध नियंत्रण को मिलेगी मजबूती
बैठक में व्यापारियों, डॉक्टरों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों को बीट प्रणाली की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रणाली का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच समन्वय बढ़ाकर अपराधों पर नियंत्रण करना है।
एसीपी रितेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि अपराध कम हों और पुलिस सेवाएं अधिक प्रभावी बन सकें। उन्होंने बताया कि बीट प्रणाली के अंतर्गत पीड़ितों को उनकी एफआईआर की कॉपी घर पर उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही कैरेक्टर सर्टिफिकेट, पासपोर्ट वेरिफिकेशन और अन्य सेवाएं समयबद्ध तरीके से दी जा रही हैं।
फीडबैक सेल सक्रिय, 1200 चालानों के साथ यातायात व्यवस्था सुधार की दिशा में ठोस कदम
फीडबैक सेल भी नियमित रूप से जनता से पुलिस सेवाओं पर सुझाव ले रहा है। क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए अब तक 152 बीएनएसएस के तहत 1200 चालान किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रत्येक बुधवार को वादी संवाद दिवस आयोजित कर वादियों को उनके मुकदमों से जुड़ी जानकारी दी जाती है। वहीं, साइबर सेल लगातार अवेकनिंग प्रोग्राम के जरिए लोगों को साइबर अपराध से बचाव की जानकारी उपलब्ध करा रहा है।
