आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने हेतु जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Meeting Held Under the Chairmanship of the District Magistrate to Ensure the Smooth and Peaceful Conduct of Upcoming Festivals. IMAGE CREDIT TO: सूचना विभाग

गौतमबुद्धनगर (शिखर समाचार)। जनपद में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने तथा जनसामान्य को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मेघा रूपम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में धनतेरस, छोटी दीपावली, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज एवं छठ पूजा के दृष्टिगत सुरक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं, यातायात तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पर्व आमजन के लिए सुखद और सुरक्षित हो। पुलिस विभाग को बाजारों एवं धार्मिक स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा यातायात एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को पटाखों की बिक्री के निर्धारित स्थलों पर अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर विशेष जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

स्वास्थ्य विभाग को जिला अस्पताल व स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक दवाइयों के साथ-साथ आग से झुलसने की घटनाओं से निपटने के लिए बर्न यूनिट और बर्न वार्ड में सभी चिकित्सकीय व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावट रोकने के लिए मिठाई व अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच हेतु विशेष अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही, विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा नगर निकायों को स्वच्छता एवं पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, डीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्र व एसीपी अर्चना सिंह सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment