जेवर (शिखर समाचार)। कस्बा जहांगीरपुर में करीब एक माह पूर्व हुई बहुचर्चित हत्या के मामले में फरार चल रहे दो शातिर बदमाशों को कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, पांच जिंदा व दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
प्राप्त विवरण के अनुसार, सोमवार देर रात पुलिस टीम झाझर रोड स्थित बिजलीघर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। उसी दौरान पुलिस को दो व्यक्ति पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों आरोपी भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी की, तो खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस पर सीधी फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत हिरासत में लेकर इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया।
इमरान हत्याकांड में शेर मोहम्मद और मोहसिन गिरफ्तार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस पूछताछ में आरोपियों की पहचान शेर मोहम्मद (निवासी कस्बा जहांगीरपुर) और मोहसिन (निवासी कस्बा पहासू, बुलंदशहर) के रूप में हुई है। आरोपियों ने स्वीकार किया कि 7 अक्टूबर की रात उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते जहांगीरपुर निवासी इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है और इन दोनों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
