हाईवे से अतिक्रमण हटाया, गंदगी फैलाने वालों पर 5800 रुपये जुर्माना

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Encroachments Removed from the Highway; ₹5,800 Fine Imposed on Those Spreading Litter. IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

थानाभवन/शामली (शिखर समाचार)। नगर में अतिक्रमण, गंदगी और कचरे के अनुचित निस्तारण पर रोक लगाने के लिए नगर पंचायत थाना भवन ने विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा के नेतृत्व में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे किनारे दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटवाया गया। इस दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा करके रखी गई सामग्री जब्त की गई। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल 5800 रुपये जुर्माना भी वसूला गया।

अभियान के दौरान दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों में कूड़ा एकत्र करने के लिए डस्टबिन रखने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने तथा उसका उचित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फैलाने की हिदायत दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बार-बार समझाने के बावजूद नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में मेडिकल कचरे की जांच

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

नगर पंचायत की टीम ने निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल कचरे के संग्रहण और निस्तारण की व्यवस्था जांची गई। अस्पताल संचालकों को निर्देश दिए गए कि जैव चिकित्सा अपशिष्ट का निस्तारण निर्धारित नियमों के तहत अधिकृत संग्रहण एवं उपचार एजेंसी के माध्यम से ही कराएं। चेतावनी दी गई कि किसी अस्पताल या नर्सिंग होम का मेडिकल कचरा सार्वजनिक स्थल, खाली प्लॉट या सड़क किनारे पड़ा मिला तो संबंधित संस्थान के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

स्वच्छता और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रखने की चेतावनी

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा ने कहा कि नगर की स्वच्छता, सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और पर्यावरण संरक्षण के मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान में अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा, लिपिक संजय कुमार, मनीष कुमार, वसीक अहमद, फैजान, श्रीकांत, शुभम और सफाई मित्र शामिल रहे।

Share This Article
Leave a comment