उद्योगों के लिए नियामक नहीं, सहयोगी और सहभागी की भूमिका निभा रही सरकार : मुख्यमंत्री

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Government Playing the Role of a Partner and Facilitator, Not a Regulator, for Industries: Chief Minister IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार में आयोजित सातवें सीआईआई उत्तराखंड औद्योगिक सम्मेलन एवं प्रदर्शनी-2026 में कहा कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए नियामक के बजाय सहयोगी और सहभागी की भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि उद्योग, व्यापार और निवेश राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करते हैं। सरकार उत्तराखंड में उद्योगों के लिए सुरक्षित, पारदर्शी और सरल व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उद्योग अनुकूल नीतियों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। प्रदेश में पिछले कुछ वर्षों में 29 हजार से अधिक नई सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम इकाइयां स्थापित हुई हैं, जिनसे करीब 1.27 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। निवेशकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था लागू की गई है। एकल खिड़की व्यवस्था के तहत 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

उद्योगों के लिए सुरक्षित और सरल व्यवस्था पर जोर

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

उन्होंने कहा कि सड़क, रेल और हवाई संपर्क बेहतर होने से औद्योगिक गतिविधियों को गति मिली है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और चारधाम सड़क परियोजना से परिवहन तथा माल ढुलाई की सुविधाओं में सुधार हो रहा है। युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के उद्देश्य से स्टार्टअप और नवाचार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके लिए 200 करोड़ रुपये के उद्यम पूंजी कोष की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि ऊधमसिंह नगर के खुरपिया में करीब 1,002 एकड़ क्षेत्र में एकीकृत विनिर्माण समूह विकसित किया जा रहा है। चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए विशेष औद्योगिक पार्क विकसित करने की दिशा में कार्य चल रहा है। हरिद्वार में छोटे उद्यमियों के लिए बहुमंजिला कारखाना सुविधा भी विकसित की जा रही है।

29 हजार से अधिक नई एमएसएमई इकाइयां हुईं स्थापित

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

उन्होंने कहा कि फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और वाहन कलपुर्जा क्षेत्र में उत्तराखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प को बड़े बाजार से जोड़ने पर भी जोर दिया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने औद्योगिक इकाइयों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इससे पहले उन्होंने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड पर प्रशिक्षण ले रहे पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विधायक आदेश चौहान, पूर्व मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment