रामपुर मनिहारान/सहारनपुर (शिखर समाचार)। नगर के पीठ बाजार में श्री गंगाराम रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित 55वें रामलीला महोत्सव के दूसरे दिन कलाकारों ने सीता जन्म प्रसंग के दौरान रावण-वेदवती संवाद का मार्मिक मंचन किया। प्रभावशाली अभिनय ने दर्शकों को भावुक कर दिया और पूरे पंडाल में धर्म तथा मर्यादा से जुड़े प्रसंग का प्रभाव देखने को मिला।
मंचन के दौरान दिखाया गया कि जंगल में विचरण करते समय रावण की नजर एक सुंदर कन्या वेदवती पर पड़ती है। वह उसके रूप से मोहित होकर उसे अपने वश में करने का प्रयास करता है, लेकिन वेदवती रावण की बात मानने से इनकार कर देती है। रावण द्वारा उसे स्पर्श किए जाने पर वेदवती सती होने से पहले उसे श्राप देती है कि वह मिथिलापुरी में जन्म लेकर रावण के सर्वनाश का कारण बनेगी। इस प्रसंग का कलाकारों ने भावपूर्ण ढंग से मंचन किया।
रामलीला मंचन ने दर्शकों को किया भावुक
कार्यक्रम में रामलीला कमेटी के संरक्षक एवं पूर्व विधायक मनोज चौधरी ने कहा कि रामायण के प्रत्येक पात्र के चरित्र से समाज को जीवन में सद्गुण अपनाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति के महानायक और युगपुरुष भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनके जीवन से सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य का संदेश मिलता है।
रामलीला कमेटी के पदाधिकारी रहे मौजूद
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
रामलीला मंचन के दौरान कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष रामनिवास सैनी, महामंत्री रोशन कश्यप, मंत्री पल्लू पाल, मंच प्रबंधक सनी सैनी, कोषाध्यक्ष अजय सैनी पिंटू, निर्देशक प्रीतम सैनी, राजन कश्यप, प्रदीप और पंकज सैनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
