_नाले के पुनरुद्धार से लेकर गांधी स्टेडियम की हाईमास्ट लाइटिंग तक, विकास कार्यों का लिया जायजा
आरव शर्मा
मोदीनगर (शिखर समाचार)। मोदीनगर क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष आईएएस नंद किशोर कलाल ने बुधवार को प्राधिकरण के अधिकारियों एवं तकनीकी टीम के साथ विभिन्न विकास कार्यों और योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बागपत लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान और मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक डॉ. मंजू शिवाच भी मौजूद रहीं। जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों और आवश्यकताओं से जीडीए अधिकारियों को अवगत कराया।
मोदीनगर के बीच से गुजर रहे नाले की स्थिति का लिया जायजा
स्थलीय निरीक्षण के दौरान मोदीनगर के मध्य से गुजर रहे नाले का विशेष रूप से जायजा लिया गया। नाले के क्षतिग्रस्त हिस्सों की स्थिति को देखते हुए मरम्मत एवं पुनरुद्धार की संभावनाओं का तकनीकी परीक्षण किया गया। जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौके की वास्तविक स्थिति का तकनीकी आकलन करते हुए आवश्यक कार्यवाही की जाए। जल निकासी व्यवस्था और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कार्य का विस्तृत आकलन एवं प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
गांधी स्टेडियम में हाईमास्ट लाइटिंग का तैयार होगा प्रस्ताव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इसके बाद गांधी स्टेडियम का निरीक्षण किया गया। यहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए हाईमास्ट लाइटें लगाए जाने का सुझाव जनप्रतिनिधियों की ओर से रखा गया। जीडीए उपाध्यक्ष ने तकनीकी टीम को स्टेडियम का निरीक्षण कर हाईमास्ट लाइटिंग के लिए उपयुक्त स्थान, तकनीकी मानकों और अनुमानित लागत का आकलन करते हुए एस्टीमेट एवं प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना समेत विभिन्न योजनाओं की भी परखी प्रगति
निरीक्षण के दौरान जीडीए द्वारा मोदीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की भी मौके पर समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति और जमीनी स्थिति का अधिकारियों ने जायजा लिया। जीडीए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास एवं निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा योजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर तकनीकी एवं वित्तीय परीक्षण के बाद होगी कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/prasoon-joshi-appointed-chairman/
निरीक्षण के दौरान जीडीए उपाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मोदीनगर क्षेत्र के विकास से जुड़े जनप्रतिनिधियों के सुझावों का तकनीकी एवं वित्तीय दृष्टि से परीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों का स्थलीय परीक्षण कर व्यावहारिक और प्रभावी प्रस्ताव तैयार किए जाएं, ताकि क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके। निरीक्षण के दौरान जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्रा, प्रभारी मुख्य अभियंता आलोक रंजन, संबंधित अधिशासी अभियंता सहित अन्य अधिकारी एवं तकनीकी टीम मौजूद रही।
