सैनी गांव के 39 किसानों को मिले 58 आबादी भूखंड, 18 भूखंडों का ड्रा और 40 का सीधे आवंटन

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
39 Farmers from Saini Village Receive 58 Abadi Plots; 18 Allotted Through Draw and 40 Through Direct Allocation IMAGE CREDIT TO प्राधिकरण

ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सैनी गांव के किसानों को बड़ी राहत देते हुए 39 किसानों को छह प्रतिशत आबादी के 58 आवासीय भूखंड आवंटित किए हैं। बुधवार को प्राधिकरण के बोर्ड कक्ष में किसानों की मौजूदगी में समान आकार वाले 18 भूखंडों का ड्रा कराया गया। इन भूखंडों से 17 किसान संबंधित थे। वहीं, 40 भूखंडों का आकार अलग-अलग होने के कारण उनके लिए ड्रा कराने की आवश्यकता नहीं पड़ी और इन्हें संबंधित किसानों के नाम सीधे आवंटित कर दिया गया।

39 किसानों को आवंटित हुए 58 आवासीय भूखंड

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सैनी गांव के किसानों की भूमि अधिग्रहण के बाद से छह प्रतिशत आबादी के आवासीय भूखंड लंबे समय से लंबित थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों को आबादी भूखंड जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और छह प्रतिशत आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन प्रक्रिया पूरी की।

ड्रा प्रक्रिया प्राधिकरण की विशेष कार्याधिकारी गुंजा सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि किसानों को छह प्रतिशत आबादी के आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। सैनी गांव की तर्ज पर अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी भूखंड जल्द आवंटित किए जाएंगे। इससे लंबे समय से भूखंड आवंटन की प्रतीक्षा कर रहे किसानों को राहत मिलेगी।

अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द मिलेगा भूखंड

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

ड्रा के दौरान नियोजन विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार और प्रबंधक कपिल तोंगड़ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक पात्र किसानों को लंबित आबादी भूखंड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

Share This Article
Leave a comment